अरुणाचल प्रदेश में सहायक आचार्य बनीं सिद्धार्थ विश्वविद्यालय की शोधार्थी आशा मिमी
कुलपति प्रो. कविता शाह ने दी बधाई, कहा- पूर्वोत्तर की बेटियों की प्रतिभा और शैक्षणिक क्षमता का प्रेरक उदाहरण है आशा मिमी की उपलब्धि
सिद्धार्थनगर। सिद्धार्थ विश्वविद्यालय कपिलवस्तु के हिंदी विभाग की शोधार्थी आशा मिमी का चयन अरुणाचल प्रदेश के शासकीयमहाविद्यालय में सहायक आचार्य पद पर हुआ है। अरुणाचल प्रदेश की ईदु मिसमी जनजाति से ताल्लुक रखने वाली आशा मिमी वर्तमान में विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग में प्रो. हरीश कुमार शर्मा के निर्देशन में शोध कार्य कर रही हैं। उनकी इस सफलता से विश्वविद्यालय में हर्ष का माहौल है। आशा मिमी ‘हिंदी में रचित अरुणाचली उपन्यासों में चित्रित स्त्री जीवन : एक अध्ययन’ विषय पर शोध कर रही हैं। इससे पहले उन्होंने राजीव गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय, विद्यानगर (अरुणाचल प्रदेश) में प्रो. हरीश कुमार शर्मा के निर्देशन में ही एम.फिल. का शोध कार्य पूरा किया था। इसके बाद उन्होंने सिद्धार्थ विश्वविद्यालय से हिंदी विषय में शोध की शुरूआत की। निरंतर मेहनत, शैक्षणिक प्रतिबद्धता और अकादमिक योग्यता के बल पर उन्होंने सहायक आचार्य पद हासिल किया।

