खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग ने त्यौहार के दृष्टिगत चलाया छापामार अभियान, 08 नमूने संग्रहित कर जाँच हेतु प्रयोगशाला भेजा
छापामार कार्रवाई में 150 किलोग्राम दूषित बदबूदार बेसन पापडी एवं 50 किलोग्राम ख़राब मूंगफली दाना को नियमानुसार नष्ट कराया
सिद्धार्थनगर। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उ0प्र0 एवं जिलाधिकारी के आदेश के क्रम में आगामी दीपावली पर्व के दृष्टिगत मिलावटी खाद्य एवं पेय पदार्थ के विक्रय पर प्रभावी रोकथाम हेतु अंतर जनपदीय विशेष छापामार अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की राज्य सचल दल द्वारा परसा शाह आलम, भीमापार, नौगढ़ स्थित पंथ कुंज स्वीट्स से 01 पनीर व 01 खोया का नमूना, पुरानी नौगढ़ स्थित बंगाली स्वीट्स के मिठाई विनिर्माण इकाई से 01 खोया व् 01 बूंदी दाना का नमूना, बैदौला, डुमरियागंज स्थित गोकुल स्वीट्स के मिठाई विनिर्माण इकाई से 01 खोया व 01 छेना मिठाई का नमूना तथा बांसी रोडवेज, बांसी स्थित केशव कुंज स्वीट्स के मिठाई विनिर्माण इकाई से 01 खोया का नमूना संग्रहित किया गया। कोडरा ग्रांट स्थित सुनील कुमार के मिठाई विनिर्माण इकाई से 01 बेसन पापडी का नमूना संग्रहित कर 150 किलोग्राम दूषित बदबूदार बेसन पापडी एवं 50 किलोग्राम ख़राब मूंगफली दाना को नियमानुसार नष्ट कराया गया तथा मिठाई विनिर्माण इकाई को अग्रिम आदेशो तक बंद करा दिया गया I इस प्रकार कुल 08 नमूने संग्रहित कर जाँच हेतु प्रयोगशाला प्रेषित किया गया।जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत अग्रिम विधिक कार्यवाही की जाएगी तथा उपरोक्त खाद्य कारोबारकर्ताओं को मिठाई विनिर्माण इकाई में खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन न करने पर नोटिस निर्गत किया गया I

