जिलाधिकारी के हाथों मोबाइल पाकर बच्ची हुई निहाल
जिलाधिकारी ने छात्रा को मन लगाकर पढ़ाई करने एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर प्रयासरत रहने के लिए किया प्रेरित
सिद्धार्थनगर। मिशन शक्ति के अन्तर्गत आयोजित कार्यक्रम हक की बात के दौरान एक छात्रा द्वारा जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन के समक्ष अपनी समस्या रखी थी। छात्रा ने बताया था कि उसके पास मोबाइल फोन न होने के कारण वह गर्मी की छुट्टियों में संचालित अनलाइन कक्षाओं का लाभ नहीं ले पा रही है, जिससे उसकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। छात्रा की समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने संवेदनशील पहल करते हुए बांसी स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, बांसी की कक्षा-09 की छात्रा काजल को बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के अन्तर्गत मोबाइल फोन उपलब्ध कराया। साथ ही एक वर्ष के लिए इंटरनेट सुविधा भी उपलब्ध कराई गई, ताकि छात्रा बिना किसी बाधा के अपनी अनलाइन पढ़ाई जारी रख सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। किसी भी छात्र-छात्रा की आर्थिक या तकनीकी समस्या उसकी शिक्षा में बाधा नहीं बनने दी जाएगी। उन्होंने छात्रा को मन लगाकर पढ़ाई करने एवं अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर प्रयासरत रहने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी विनय कुमार सिंह, व अन्य संबधित उपस्थित थे।

