जोगिया से मझवन जाने वाली (PMGSY) प्रधानमंत्री ग्राम सड़क पर गड्डों की भरमार! राहगीर परेशान
ग्रामीणों को बाजार, ब्लाक, तहसील और अन्य जरूरी कार्यों के लिए इसी मार्ग से होकर रोज गुजरना पड़ता है,फिर भी सड़क की हालत बदहाल
सिद्धार्थनगर। जोगिया कस्बे में राष्ट्रीय राजमार्ग से मझवन जाने वाली प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनाई गई सड़क पर जगह-जगह गड्ढे होने से राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क की खराब हालत के कारण इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों को आवागमन में दिक्कत हो रही है। सड़क पर बने गड्ढे दुर्घटना का कारण बन सकते हैं, जिससे लोगों में चिंता बनी हुई है। बताया जाता है कि जोगिया से मझवन तक जाने वाला यह मार्ग क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए काफी महत्वपूर्ण है। इस सड़क से आसपास के गांव उदयपुर, भिटिया, टिकरिया , मजिगवां, नादेपार, पोखरभिटवा, दत्तपुर,मेहनिया,कटहना, सोनौरा, दोहनी, मझवन आदि दर्जनों गांवों से ऊपर के लोगों का आवागमन होता है। ग्रामीणों को बाजार, ब्लाक, तहसील और अन्य जरूरी कार्यों के लिए इसी मार्ग से होकर गुजरना पड़ता है। ऐसे में सड़क की बदहाल स्थिति लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। सड़क पर बने गड्डों के कारण दोपहिया वाहन चालकों को विशेष रूप से सावधानी बरतनी पड़ती है। अचानक सामने आने वाले गड्डों और बिखरी हुई गिट्टियों से वाहन अनियंत्रित होने की आशंका रहती है। वहीं चारपहिया वाहन चालकों को भी धीमी गति से वाहन चलाना पड़ता है। इससे आवागमन में समय अधिक लग रहा है और लोगों को असुविधा हो रही है। जबकि इस 12 किलोमीटर की सड़क को अभी बीते वर्ष लाखों रुपए खर्च कर बनवाया गया था। वहीं स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सड़कों का निर्माण कराया जाता है। लेकिन सड़क पर गड्ढे होने से योजना के उद्देश्य पर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों का मानना है कि सड़क की समय-समय पर मरम्मत कराई जानी चाहिए, ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

