भाकियू ने 15 दिन में समस्या का निस्तारण नहीं होने पर अनिश्चितकालीन धरने की दी चेतावनी
News17 india संवाददाता
सिद्धार्थनगर। जिले में विकास खंड बर्डपुर की विभिन्न ग्राम पंचायतों में कथित अनियमितताओं की जांच और तीन सूत्रीय मांगों को लेकर भारतीय किसान यूनियन (लोकशक्ति) ने खंड विकास अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। जिलाध्यक्ष शिवलाल यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने खंड विकास अधिकारी को संबोधित ज्ञापन सहायक विकास अधिकारी (ग्राम्य विकास) अब्दुल गफ्फार को सौंपकर मामलों की जांच कर कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में बर्डपुर नंबर-7 ग्राम पंचायत में एक अगस्त से 25 सितंबर 2026 तक मनरेगा योजना के तहत कराए गए कार्यों का स्थलीय सत्यापन कराने की मांग की गई है। संगठन ने जांच रिपोर्ट उपलब्ध कराने तथा किसी तरह की अनियमितता मिलने पर संबंधित रोजगार सेवक, तकनीकी सहायक, सचिव और ग्राम प्रधान से नियमानुसार वसूली कराने की मांग की। भाकियू ने स्पेशल कंपोनेंट योजना के तहत अनुसूचित जाति के पात्र लाभार्थियों को सरकार के निर्धारित मानक के अनुसार निशुल्क बोरिंग का लाभ दिए जाने की भी जांच कराने को कहा। संगठन ने लाभार्थियों का स्थलीय सत्यापन कराकर जांच रिपोर्ट की छायाप्रति उपलब्ध कराने और अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की मांग की है।
इसके अलावा बर्डपुर विकास खंड की जिन ग्राम सभाओं में अभी तक अन्नपूर्णा भवन का निर्माण नहीं हुआ है, वहां तत्काल भवन का निर्माण कराने की मांग भी ज्ञापन में शामिल है। भाकियू लोकशक्ति के जिलाध्यक्ष शिवलाल यादव ने कहा कि संगठन ने प्रशासन को मामलों के निस्तारण के लिए 15 दिन का समय दिया है। निर्धारित अवधि में मांगों का समाधान नहीं होने पर संगठन की ओर से अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा। इस दौरान चंद्रजीत यादव, दुर्गा सिंह, रामलखन गुप्ता, राजेंद्र प्रसाद, विंदेश्वरी यादव और अब्दुल सलाम सहित बड़ी संख्या में भाकियू कार्यकर्ता मौजूद रहे।

