लघु व सीमांत किसानों के लिए मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना का हुआ शुभारंभ
मुख्यमंत्री योगी का लाइव प्रसारण अम्बेडकर सभागार में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने किसानों की उपस्थिति में देखा
सहकारी संस्थाएं लंबे समय से किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं- कुंवर विक्रम सिंह
निज संवाददाता,सिद्धार्थनगर । उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक लिमिटेड की ओर से लघु एवं सीमांत किसानों के लिए संचालित भारत टैक्सी एवं मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना का शुभारंभ बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ से किया। इसका लाइव प्रसारण अम्बेडकर सभागार में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने देखा। कार्यक्रम में विधायक कपिलवस्तु श्यामधनी राही, विधायक शोहरतगढ़ विनय वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्या, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष कुंवर विक्रम सिंह और मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह मौजूद रहे। सीडीओ ने जनप्रतिनिधियों का बुके देकर स्वागत किया।
विधायक श्यामधनी राही ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए लगातार कदम उठा रही है। लघु एवं सीमांत किसानों को केंद्र में रखकर शुरू की गई योजनाओं से उन्हें स्वरोजगार और आर्थिक गतिविधियों से जुड़ने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि पात्र किसानों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है। विधायक ने कहा कि सहकारिता के माध्यम से किसानों को वित्तीय सहायता और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण है। योजनाओं का लाभ
वास्तविक पात्रों तक पारदर्शी तरीके से पहुंचना चाहिए। भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्या ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की प्राथमिकता किसानों को आत्मनिर्भर बनाना है।
उन्होंने कार्यकताओं से गांव-गांव जाकर पात्र किसानों को योजनाओं की जानकारी देने और लाभ दिलाने में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक देश को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य में किसानों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष कुंवर विक्रम सिंह ने कहा कि सहकारी संस्थाएं लंबे समय से किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में भूमिका निभा रही हैं। मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना से लघु एवं सीमांत किसानों को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। बैंक स्तर से पात्र किसानों को योजनाओं की जानकारी और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
कार्यक्रम का संचालन सहायक विकास अधिकारी सहकारिता अंब्रीश यादव ने किया। इस दौरान सांसद डुमरियागंज के प्रतिनिधि एसपी अग्रवाल, उत्तर प्रदेश उपभोक्ता सहकारी संघ के निदेशक दिलीप चतुवेर्दी, डीसीएफ अध्यक्ष अजय उपाध्याय,ए.आर. सहकारिता प्रकाश बहादुर गौतम, उप निदेशक कृषि राजेश कुमार, जिला कृषि अधिकारी रवि शंकर पांडेय सहित अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

