सीएम ग्रिड की पहली सड़क तैयार! 28 को मुख्यमंत्री योगी कर सकते हैं राप्तीनगर में बनी स्मार्ट सड़क का लोकार्पण
44.88 करोड़ लागत से निर्मित सड़क में जलनिकासी, फुटपाथ, यूटिलिटी डक्ट और स्ट्रीट लाइट की होगी सुविधाएं
गोरखपुर:मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रभावी नेतृत्व में सीएम ग्रिड योजना के अंतर्गत गोरखपुर की पहली स्मार्ट सड़क तैयार हो गई है। ₹44.88 करोड़ की लागत से विकसित यह सड़क आधुनिक नगरीय सुविधाओं और बेहतर यातायात व्यवस्था का प्रतीक है।जलनिकासी, फुटपाथ, साइकिल व पैदल पथ, स्ट्रीट लाइट और भूमिगत यूटिलिटी डक्ट जैसी सुविधाओं से सड़क को सुसज्जित किया गया है। बिजली, पानी और गैस की पाइपलाइनों को व्यवस्थित करने से भविष्य में बार-बार सड़क खोदने की आवश्यकता भी कम होगी।
मुख्यमंत्री ग्रीन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट (सीएम ग्रिड) योजना के तहत शहर की पहली राप्तीनगर में स्मार्ट सड़क का निर्माण पूरा हो गया है। के शाहपुर क्षेत्र में विकसित की गई सीएम ग्रिड फेज-एक की सड़क परियोजना को अंतिम रूप देने के बाद अब मुख्यमंत्री के आगमन के दौरान इसके लोकार्पण की तैयारी की जा रही है। नगर निगम ने इससे संबंधित तैयारियां शुरू कर दी हैं। मुख्य अभियंता अमित शर्मा की निगरानी में सड़क से जुड़े सभी कार्य पूरे करा दिए गए हैं।
सीएम ग्रिड फेज-एक में राप्तीनगर वार्ड के शाहपुर क्षेत्र की तीन आपस में जुड़ी सड़कों को स्मार्ट रोड के रूप में विकसित किया गया है। परियोजना पर कुल 44.88 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। इसमें शाहपुर थाना होते हुए रिद्धि अस्पताल तक 510 मीटर लंबी और 24 मीटर चौड़ी, मेडिकल कालेज रोड
स्थित दूरदर्शन आवास से ब्रदर्स बेकरी तक 471 मीटर लंबी और 18 मीटर चौड़ी तथा राजीवनगर कुआं से राप्तीनगर विद्युत कार्यालय तक 1417 मीटर लंबी और 18 मीटर चौड़ी सड़क शामिल है। तीनों मार्गों की कुल लंबाई करीब 2.4 किलोमीटर है।
शाहपुर में सीएम ग्रिड योजना के तहत बनकर तैयार हुई सड़क: सड़क को केवल बेहतर डामरीकरण तक सीमित नहीं रखा गया है।इसके साथ आधुनिक जलनिकासी व्यवस्था, पैदल यात्रियों के लिए फुटपाथ, साइकिल और पैदल आवागमन की सुविधा, स्ट्रीट लाइटिंग तथा भूमिगत यूटिलिटी डक्ट विकसित किए गए हैं। डक्ट में बिजली के तारों के साथ पानी और गैस की पाइपलाइन जैसी सुविधाओं को व्यवस्थित किया गया है। इससे भविष्य में किसी पाइपलाइन या केबल में खराबी आने पर सड़क को बार-बार काटने की जरूरत कम होगी।परियोजना की स्वीकृत लागत में सड़क निर्माण के साथ बिजली के तार, पोल और ट्रांसफार्मर शिफ्टिंग का खर्च भी शामिल रहा। प्रारंभिक प्रस्ताव में सिविल निर्माण के साथ विद्युत एवं अन्य उपयोगिताओं से जुड़े कार्यों के लिए अलग-अलग प्रविधान किए गए थे।
सीएम ग्रिड के तहत विकसित यह सड़क शहर में आधुनिक सड़क निर्माण की नई व्यवस्था का पहला उदाहरण है। आगे के चरणों में महानगर की अन्य प्रमुख सड़कों को भी इसी तरह विकसित किया जा रहा है, जिसमें सड़क के साथ जलनिकासी, हरियाली, पैदल यात्री सुविधाएं, प्रकाश व्यवस्था और भूमिगत यूटिलिटी नेटवर्क को एकीकृत करने पर जोर है। नगर निगम के मुख्य अभियंता अमित शर्मा ने बताया कि निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। मुख्यमंत्री के आगमन के दौरान इस सड़क के लोकार्पण की तैयारी की जा रही है। सड़क से जुड़े सभी आवश्यक कार्य पूरे करा दिए गए हैं।

