सीएम योगी ने सड़क एवं आधारभूत ढांचा विकास हेतु दो मंडलों को सड़क परियोजनाओं के लिए 4901 करोड़ की दी मंजूरी
ग्रामीण सड़क योजना के तहत सीएम योगी ने 810 परियोजनाओं को दी मंजूरी
बस्ती और देवीपाटन मंडल के 33 विधानसभा क्षेत्रों के जनप्रतिनिधियों के साथ मुख्यमंत्री ने की समीक्षा बैठक
गोंडा/सिद्धार्थनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को बस्ती और देवीपाटन बस्ती मंडल की 33 विधानसभा क्षेत्रों के लिए लोक निर्माण विभाग की 4901.65 करोड़ रुपये की सड़क एवं आधारभूत ढांचा विकास परियोजनाओं को मंजूरी प्रदान की। मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों की ओर से प्रस्तुत प्रस्तावों की समीक्षा कर विभिन्न विकास कार्यों को अंतिम स्वीकृति दी।
देवीपाटन मंडल मुख्यालय स्थित महाराजा सुहेलदेव सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने बस्ती, सिद्धार्थनगर, संतकबीरनगर, गोंडा, बहराइच, बलरामपुर और श्रावस्ती जिलों की सड़क, पुल, सेतु और संपर्क मार्ग परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के करीब 50-50 करोड़ रुपये के प्रस्तावित विकास कार्यों का प्रस्तुतीकरण भी देखा।मुख्यमंत्री ने मां पाटेश्वरी शक्तिपीठ, स्वामीनारायण मंदिर और मखौड़ा धाम समेत प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों को जोड़ने वाले 13 संपर्क मागों के निर्माण को मंजूरी दी
810 ग्रामीण सड़क योजनाओं को स्वीकृति: मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत 810 परियोजनाओं को मंजूरी दी गई हैं। इन पर 1472.83 करोड़ रुपये खर्च होंगे और करीब 1602 किलोमीटर ग्रामीण सड़क नेटवर्क का विस्तार किया जाएगा। इसके अलावा 81 लघु सेतु और सात बड़े पुलों के निर्माण को भी स्वीकृति मिली है। शहरी क्षेत्रों में यातायात सुधार के लिए बाईपास और ओवरब्रिज परियोजनाओं को प्राथमिकता देने के साथ औद्योगिक क्षेत्रों की बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में सड़क सुरक्षा, गड्ढामुक्त अभियान और आधारभूत सुविधाओं की समीक्षा करते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में 12 हेलीपैड निर्माण योजनाओं को भी मंजूरी प्रदान की गई। बैठक में देवीपाटन और बस्ती मंडल के सांसद व विधायक उपस्थित रहे।
साथ ही जिला मुख्यालयों को फोरलेन सड़कों से जोड़ने, चीनी मिलों तक बेहतर संपर्क मार्ग विकसित करने तथा सिंगल कनेक्टिविटी वाले क्षेत्रों को मुख्य मार्गों से जोड़ने के प्रस्तावों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने नेपाल सीमा से सटे क्षेत्रों, थारू बहुल इलाकों और ग्रामीण क्षेत्रों की संपर्क व्यवस्था सुदृढ़ करने पर विशेष जोर देते हुए सड़कों के रखरखाव, मरम्मत और सुधार कार्यों में तेजी लाने के निर्देश भी दिए।
देर से पहुंचे सांसद जगदंबिका पाल, रोका वाहन: गोंडा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गोंडा दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था काफी सख्त नजर आई। आयुक्त कार्यालय परिसर में प्रवेश को लेकर बनाए गए सुरक्षा घेरे में जनप्रतिनिधियों के सहयोगियों तक को अंदर जाने की अनुमति नहीं मिली। इससे कई जनप्रतिनिधि असहज और नाराज दिखे। मुख्यमंत्री के आगमन के लिए कचहरी वाले गेट से केवल जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को प्रवेश दिया गया। मुख्य मार्ग वाले गेट से मुख्यमंत्री का काफिला परिसर में पहुंचा। डुमरियागंज सांसद जगदंबिका पाल मुख्यमंत्री के पहुंचने के करीब 13 मिनट बाद आयुक्त कार्यालय पहुंचे। उनका वाहन भी परिसर के बाहर ही रोक दिया गया। सांसद अपने एक सहयोगी को साथ लेकर अंदर जाने की बात करते रहे, लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने नियमों का हवाला देते हुए अनुमति नहीं दी। उनका मोबाइल भी बाहर ही जमा करा लिया गया। सांसद करण भूषण सिंह समेत अन्य जनप्रतिनिधियों के सहयोगियों को भी परिसर में प्रवेश नहीं मिला।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में समीक्षा बैठक में मैंने डुमरियागंज संसदीय क्षेत्र की आवश्यकताओं से जुड़े सड़क, पुल एवं अन्य विकास कार्यों के प्रस्ताव रखे हैं। सिद्धार्थनगर संसदीय क्षेत्र के लिए पांच दीर्घ सेतु, छह लघु सेतु और 29 सड़कों के निर्माण का प्रस्ताव मुख्यमंत्री जी को सौंपा गया है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और विकास की नई गति मिलेगी।जगदंबिका पाल, सांसद, डुमरियागंज।

