Sun. Aug 30th, 2026

6.87 करोड़ की लागत से बनेगा ‘उसका बाजार’ थाने का प्रशासकीय मॉडल भवन, प्रभारी मंत्री अनिल राजभर ने किया शिलान्यास

6.87 करोड़ की लागत से बनेगा ‘उसका बाजार’ थाने का प्रशासकीय मॉडल भवन, प्रभारी मंत्री अनिल राजभर ने किया शिलान्यास

सिद्धार्थनगर । उत्तर प्रदेश के श्रम के एवं सेवायोजन, समन्वय तथा जनपद के प्रभारी मंत्री अनिल राजभर ने शनिवार को सिद्धार्थनगर के थाना उसका बाजार में 687.56 लाख (6.87 करोड़ रुपये) की लागत से बनने वाले त्रितलीय (G+2) प्रशासकीय भवन का भूमि पूजन कर शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने शिलापट का अनावरण भी किया। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्या, जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन तथा मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों का स्वागत जिलाधिकारी एवं सीडीओ द्वारा बुके भेंट कर किया गया।

प्रभारी मंत्री अनिल राजभर ने संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश की कानून व्यवस्था सुदृढ़ हुई है। पुलिस को आधुनिक संसाधनों, बेहतर तकनीक और आवासीय व कार्यालीय सुविधाओं से लैस किया गया है। प्रभारी मंत्री ने कहा कि पुलिस विभाग को मिले ‘फ्री हैंड’ की वजह से आज पूरे देश में यूपी मॉडल की चर्चा है और अन्य राज्य इसका अनुसरण कर रहे हैं। बेहतर सुरक्षा माहौल के कारण राज्य में रिकॉर्ड निवेश आ रहा है, जिससे रोजगार के नए अवसर बन रहे हैं। थाना उसका बाजार का यह नया भवन बनने के बाद यह एक ‘मॉडल थाना’ के रूप में स्थापित होगा।

भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्या ने कहा कि प्रदेश सरकार जनता की सुरक्षा और सेवा के संकल्प के साथ काम कर रही है। सरकार द्वारा पात्र लाभार्थियों को आवास, मुफ्त राशन, बिजली कनेक्शन, उज्ज्वला योजना के तहत गैस सिलेंडर और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं बिना भेदभाव के पहुंचाई जा रही हैं।

जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने बताया कि जिले में मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालय का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों की व्यवस्थाओं में भी व्यापक सुधार हुआ है। वहीं, अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार ने निर्माणाधीन (G+2) प्रशासकीय भवन की तकनीकी और ढांचागत विशेषताओं की विस्तृत जानकारी दी।

कार्यक्रम के अंत में मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह ने सभी अतिथियों व उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त किया। मंच संचालन डॉ. सीमा मिश्रा द्वारा किया गया। इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष कन्हैया पासवान, जिला उपाध्यक्ष आशीष शुक्ला, नगर पंचायत उसका बाजार अध्यक्ष के प्रतिनिधि हेमंत जायसवाल सहित पुलिस व प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *