Fri. May 1st, 2026

प्रदेश अध्यक्ष के0के0 पांडे ने आचार संहिता से पहले ग्राम पंचायतों के लंबित कार्य पूरे कराने की उठाई मांग

लखनऊ: 23 मार्च 2026

प्रदेश अध्यक्ष के0के0 पांडे ने आचार संहिता से पहले ग्राम पंचायतों के लंबित कार्य पूरे कराने की उठाई मांग

ग्राम प्रधान संगठन के प्रदेश अध्यक्ष ने मुख्य सचिव को भेजा पत्र: बकाया भुगतान और विकास कार्य शीघ्र कराने की मांग की

लखनऊ: ग्राम प्रधान संगठन के प्रदेश अध्यक्ष कौशल किशोर पांडेय ने उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव को पत्र भेजकर आदर्श आचार संहिता लागू होने से पूर्व ग्राम पंचायतों के सभी प्रस्तावित विकास कार्यों को पूर्ण कराने और लंबित भुगतानों के शीघ्र निस्तारण की मांग की है। उन्होंने 20 मार्च 2026 को प्रेषित ज्ञापन में बताया कि ग्राम पंचायतों का करीब दो वर्ष का कार्यकाल कोरोना काल के कारण प्रभावित रहा, जिससे अनेक विकास कार्य अधूरे रह गए। इसके बावजूद ग्राम प्रधानों ने सरकार के निर्देशानुसार महामारी के दौरान अहम भूमिका निभाई और हर संभव सहयोग किया।

प्रदेश अध्यक्ष के0के0 पांडे ने ज्ञापन के द्वारा मांग किया है कि चुनाव से पूर्व पंचायतों को जनहित से जुड़े प्रस्तावित कार्यों को पूरा करने की अनुमति दी जाए, तथा इस संबंध में स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी कर सभी खंड विकास अधिकारियों को अवगत कराया जाए। इसके साथ ही मनरेगा, राज्य वित्त एवं केंद्रीय वित्त के अंतर्गत लंबित समस्त भुगतानों को शीघ्र जारी करने की मांग की गई है। संगठन ने पत्रावलियों की स्वीकृति एक सप्ताह के भीतर सुनिश्चित करने और आचार संहिता लागू होने से पहले पंचायतों के खातों में उपलब्ध धन का पूर्ण उपयोग कराने पर जोर दिया है।

प्रदेश अध्यक्ष ने स्वीकृत धनराशि जल्द पंचायत खातों में भेजने, हैंडपंपों को चालू रखने के लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराने तथा आगामी बरसात को देखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई है। अंत में प्रदेश अध्यक्ष ने मुख्य सचिव से बिंदुवार आदेश जारी कर इस पर की गई कार्रवाई की जानकारी संगठन को भी उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है।

कौशल किशोर पांडे,प्रदेश अध्यक्ष ग्राम प्रधान संगठन उत्तर प्रदेश, मोबाइल नंबर: +918126397610

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *