Sat. Nov 7th, 2026

पुलिस ने हवाई फायरिंग कर ब्राउन शुगर सहित दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

पुलिस ने हवाई फायरिंग कर ब्राउन शुगर सहित दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

खुनुवां सिद्धार्थनगर। नेपाल के कपिलवस्तु जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया गया। वहीं कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम को देखकर भागने की कोशिश कर रहे आरोपियों को नियन्त्रित करने के लिए पुलिस ने दो राउण्ड हवाई फायरिंग की। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 28.820 ग्राम वजन की ब्राउन शुगर बरामद की है। इसके अलावा भारतीय नम्बर प्लेट लगी एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी जब्त किये गये हैं।प्राप्त जानकारी के मुताबिक कपिलवस्तु जिले के बाणगंगा नगरपालिका-03 स्थित राजापानी क्षेत्र के राधाकृष्ण नाश्ता दुकान पर मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री होने की गुप्त सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना के आधार पर इलाका प्रहरी कार्यालय पिपरा की पुलिस निरीक्षक कालिका कार्की के नेतृत्व में सात सदस्यीय पुलिस टीम तथा भैरहवा स्थित मादक पदार्थ नियन्त्रण ब्यूरो की टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी की।

भैरहवा के पुलिस नायब निरीक्षक सागर भट्टराई के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नाश्ता दुकान पर पहुंचकर तलाशी लिया तत्पश्चात पुलिस को देखकर वहां मौजूद दो संदिग्ध युवकों ने भागने का प्रयास किया। स्थिति को नियन्त्रित करने और आरोपियों को रोकने के लिए पुलिस नायब निरीक्षक भट्टराई ने अपनी बेरेटा पिस्तौल से दो राउण्ड हवाई फायरिंग कर पुलिस टीम ने दोनों को गिरफ्तार किया। वहीं जिला पुलिस कार्यालय कपिलवस्तु के प्रमुख मनोहर भट्ट के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कपिलवस्तु नगरपालिका-11 निवासी 26 वर्षीय सलाउद्दीन मुसलमान और बाणगंगा नगरपालिका-06 निवासी 29 वर्षीय उमेश थारू के रूप में हुई है। आरोपियों की तलाशी के दौरान काले प्लास्टिक में छिपाकर रखी गई 24.180 ग्राम वजन की ब्राउन शुगर बरामद हुई। इसके अलावा, आरोपियों द्वारा इस्तेमाल की जा रही भारतीय नम्बर प्लेट वाली मोटरसाइकिल (यूपी55 एबी 2659) की सीट के नीचे छिपाकर रखी गई 4.640 ग्राम अतिरिक्त ब्राउन शुगर भी बरामद की गई। इस तरह पुलिस ने कुल 28.820 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त की है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने भारतीय नम्बर प्लेट वाली मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी बरामद किया। वहीं गिरफ्तार दोनों आरोपियों को आगे की जांच और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के लिए इलाका प्रहरी कार्यालय पिपरा कपिलवस्तु को सौंप दिया।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *