‘गोमती उत्सव’ में 15 विभूतियों को मिला गोमती गौरव सम्मान
केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय में आयोजित गोमती उत्सव में मुख्यमंत्री योगी ने प्रदान किए सम्मान पत्र
लखनऊ। केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय में आयोजित ‘गोमती उत्सव’ में रविवार को 15 विभूतियों को ‘गोमती गौरव सम्मान’ दिया गया। मंच पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने न्यायमूर्ति रंगनाथ पांडे, केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सोनिया नित्यानंद, सुधीर मिश्र, राकेश पांडे, डॉक्टर सुनील पांडा, बालेंदु कुमार, भाग्य प्रकाश मिश्र, विनोद मिश्र, अम्बिका प्रसाद बाजपेई, मुनिश मंगला, सूर्यमनि सिंह सिसोदिया, डॉक्टर आनंद प्रकाश, संदीप तिवारी, सुरेश बहादुर सिंह और अतुल अग्निहोत्री को सम्मान पत्र प्रदान किया।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि गोमती केवल नदी नहीं, हमारी आत्मा है। आदि गंगा के रूप में मान्य इस नदी की अविरलता और निर्मलता बनाए रखना सबकी जिम्मेदारी है। उत्सव नहीं तट पर हो तो इसकी शुद्धता गोमती को स्वच्छ रखने के संकल्प से होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि सरकार ने दिसंबर तक नदी में गिरने वाले नालों और सीवर को टैप कर एसटीपी तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है। नगर एसटीपी बाजार बन रहा है और नजदीक का काम पूरा हो चुका है। योगी ने सिंगल यूज प्लास्टिक छोड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि खरीदारी के लिए घर से झोला लेकर निकलें। मंदिर में पूजन करने जाएं तो प्लास्टिक फेंककर न लौटें। प्लास्टिक नदियों का प्रवाह रोकने के साथ पशुओं के लिए भी घातक है। उन्होंने कहा कि परिवार और समाज को जोड़ने वाले ऐसे उत्सव जरूरी हैं। आज एक ही कमरे में बैठे परिवार के सदस्य भी स्मार्टफोन पर अलग-अलग दिशाओं में खोये हैं। यह एकाकीपन, तनाव और अवसाद बढ़ाता है, जो आगे अपराध और अराजकता का कारण बन सकता है।
इस दौरान गोमती उत्सव में मुख्य संरक्षक राजीव मिश्र, समिति अध्यक्ष रामकृष्ण यादव, केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय लखनऊ परिसर के निदेशक धर्मेन्द्रानंद झा, न्यायमूर्ति रंगनाथ पांडे, केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर सोनिया नित्यानंद, प्रसिद्ध कवि सर्वेश अस्थाना, पार्षद मालती यादव, उद्घोषक आत्मप्रकाश मिश्र आदि उपस्थित थे।
वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया से वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट तक:मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछली सरकार ने ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया’ दिया था, जबकि भाजपा सरकार ने ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट’ दिया। अब एक-एक जनपद को बढ़ावा देने के लिए ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन कुजीन’ की दिशा में भी काम होना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सब्जी-भाजी ऐसी पारंपरिक व्यंजन बन सकती है कि वे स्वयं बड़ी ब्रांड बन जाएं और हर घर में लोकप्रिय हों। उन्होंने स्थानीय उत्पादों को उद्योग से जोड़ने पर यूपी में बेहतरीन बदलाव की बात कही।

