एडीएम न्यायिक ने बहुप्रतीक्षित बांसी खलीलाबाद-बहराइच नई रेलवे लाइन परियोजना के भूमि अधिग्रहण क्षेत्र का किया निरीक्षण, किसानों की सुनीं समस्याएं
डुमरियागंज, सिद्धार्थनगर। पूर्वांचल की बहुप्रतीक्षित खलीलाबाद-बहराइच नई रेलवे लाइन परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया ने रफ्तार पकड़ ली है। शुक्रवार को अपर जिलाधिकारी न्यायिक डॉ. ज्ञान प्रकाश ने डुमरियागंज तहसील क्षेत्र के अधिग्रहण की जद में आ रहे गांवों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने सेमुआडीह, बनगवा, एकघरवा समेत कई गांवों में पहुंचकर अधिग्रहण के लिए चिह्नित जमीनों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान एडीएम न्यायिक ने मौके पर मौजूद किसानों से सीधा संवाद किया। किसानों ने मुआवजे, जमीन के बंटवारे और फसलों के नुकसान को लेकर अपनी आपत्तियां व सुझाव रखे।
किसानों की बात सुनने के बाद अपर जिलाधिकारी न्यायिक डॉ. ज्ञान प्रकाश ने कहा कि भूमि अधिग्रहण की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और शासन द्वारा निर्धारित नियमों के अनुसार ही की जाएगी। उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया कि किसी भी किसान के हितों की अनदेखी नहीं होने दी जाएगी और शासन के मानक के अनुरूप उचित मुआवजा दिया जाएगा। उन्होंने राजस्व कर्मचारियों को निर्देश दिया कि किसानों की आपत्तियों का निस्तारण समयबद्ध और निष्पक्ष तरीके से किया जाए, ताकि परियोजना में किसी प्रकार की बाधा न आए। इस मौके पर नायब तहसीलदार राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय, कानूनगो हरिशंकर, लेखपाल संजय कुमार सहित राजस्व विभाग के अन्य कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

