एसएसबी व खुनुवा पुलिस चौकी की संयुक्त कार्रवाई में नेपाल सीमा के पास छिपाकर रखी गई 54 बोरी अवैध यूरिया पकड़ा
सीमा चौकी बाणगंगा तथा खुनुवां पुलिस की गिरफ्त में यूरिया के साथ आरोपी। स्रोत-एसएसबी
सिद्धार्थनगर,खुनुवां। 43वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की सीमा चौकी बानगंगा और खुनुवां पुलिस चौकी की संयुक्त गश्ती टीम ने मंगलवार को छिपाकर रखी गई 54 बोरी यूरिया बरामद की है। खाद तिरपाल के नीचे छिपाकर रखी गई थी और नेपाल ले जाने की तैयारी थी, तभी टीम ने पकड़ लिया।जानकारी के अनुसार, संयुक्त गश्ती दल परसौना गांव के समीप नियमित गश्त पर थी। एसएसबी के मुताबिक विश्वसनीय सूत्रों से सूचना मिली कि भारत-नेपाल सीमा से करीब 100 मीटर भारतीय क्षेत्र में टावर के पास हरे रंग की तिरपाल के नीचे रात के अंधेरे का फायदा उठाकर तस्करी के उद्देश्य से खाद छिपाकर रखी गई है। सूचना मिलते ही संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाशी ली। जांच के दौरान तिरपाल के नीचे छिपाकर रखी गई 54 बोरी यूरिया बरामद की। आसपास मौजूद लोगों से खाद के संबंध में पूछताछ की गई लेकिन कोई भी उसके बारे में जानकारी नहीं दे सका। इसके बाद बरामद यूरिया को आवश्यक कार्रवाई के लिए खुनुवां पुलिस चौकी के सुपुर्द कर दिया गया। संवाद

