पीएचसी महदेवा डूबे का डिप्टी सीएमओ ने औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं का लिया जायजा
फरेंदा,महराजगंज। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र महदेवा दूबे का उप-मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एम. डब्ल्यू. खान एवं डॉ. के. खान ने औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में दवाओं की उपलब्धता, साफ-सफाई, मरीजों के उपचार और टीकाकरण व्यवस्था की जांच की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के समय चिकित्सा प्रभारी डॉ0.सी0. बी0. पाण्डेय मरीजों का उपचार करते मिले। अस्पताल में कुल 29 मरीज उपचाराधीन थे, जिनमें अधिकांश सीजनल खांसी,जुकाम, बुखार एवं चर्म रोग से पीड़ित थे। उप-मुख्यचिकित्साधिकारी ने दवाओं के स्टॉक का निरीक्षण करते हुए मरीजों को समय पर आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, साथ ही अस्पताल परिसर की साफ-सफाई का जायजा लेकर स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाए रखने के लिए संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एएनएम किरण सिंह गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों का नियमित टीकाकरण करती हुई मिलीं। अधिकारियों ने टीकाकरण अभिलेखों की जांच की और शत-प्रतिशत पात्र लाभार्थियों तक टीकाकरण सेवाएं पहुंचाने तथा कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। निरीक्षण के अंत में अधिकारियों ने कहा कि स्वास्थ्य केंद्रों पर मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार, पर्याप्त दवाएं और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों से पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

