भड़रिया नहर पुल पर तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक सवारों को रौंदा: एक युवक की मौत
सिद्धार्थनगर। सिद्धार्थनगर जिले के भवानीगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत भड़रिया नहर पुल के पास रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा तेज रफ्तार पिकअप वाहन की टक्कर से हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक सवार दो युवक पुल के पास से गुजर रहे थे, तभी तेज गति से आ रहे पिकअप वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल बेंवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मृतक की पहचान प्रभात यादव पुत्र परशुराम यादव निवासी चंद्रदीपघाट जगन्नाथपुर थाना खोड़ारे जनपद गोंडा के रूप में हुई है। प्रभात अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही भवानीगंज पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस फरार पिकअप वाहन और चालक की तलाश में जुटी हुई है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
सोर्स विज्ञप्ति।

