भीषण गर्मी में पेट्रोल-डीजल के लिए जूझ रहे वाहन चालक: जिले के हर पेट्रोल पंप पर लग रही लंबी कतारें
शासन प्रशासन से जनता की अपील: पेट्रोल-डीजल को लेकर उठाए ठोस कदम
डुमरियागंज, सिद्धार्थनगर स्पष्ट आवाज। एक ओर भीषण गर्मी, चिलचिलाती धूप और लू के थपेड़ों ने पूरी तरह से जनजीवन को पहले ही बेहाल कर रखा है। वहीं दूसरी ओर पेट्रोल और डीजल संकट ने लोगों की परेशानियों को और बढ़ा दिया है। डुमरियागंज तहसील क्षेत्र सहित जनपद के सभी पेट्रोल पंपों पर प्रतिदिन सुबह से ही वाहनों की लंबी-लंबी कतारें देखी जा रही हैं। दोपहिया, चारपहिया और व्यावसायिक वाहनों के चालक घंटों लाइन में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करने को मजबूर हैं।
पेट्रोल डीजल को लेकर जिले में हालात ऐसे हैं कि कई लोग सुबह से लाइन में लगने के बाद भी खाली हाथ लौटने को विवश हो रहे हैं। तेज धूप और उमस के बीच लोग पेयजल और छांव के अभाव में भारी कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं। पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ एवं अव्यवस्था के चलते कई स्थानों पर जाम जैसे हालात भी बन जा रहे हैं, जिससे राहगीरों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बीते कई दिनों से यही स्थिति बनी हुई है, लेकिन प्रशासन की प्रशासन के तरफ से अब तक कोई ठोस पहल नहीं दिखाई दे रही है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर इस गंभीर समस्या के समाधान के लिए प्रशासन कब सक्रिय होगा। आमजन में यह भी नाराजगी है कि संकट गहराता जा रहा है, लेकिन जिम्मेदार शासन प्रशासन के लोग मूकदर्शक बने हुए हैं।
आपको बता दें कि सबसे अधिक परेशानी रोजमर्रा के कामकाज करने वाले लोगों, किसानों और मरीजों को हो रही है, जिन्हें ईंधन के अभाव में आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द आपूर्ति सामान्य नहीं हुई तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। वाहन चालकों ने प्रशासन से पेट्रोल-डीजल की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित कराने एवं पेट्रोल पंपों पर व्यवस्था सुधारने और लोगों को राहत दिलाने के लिए त्वरित सार्थक कदम उठाने की मांग की है।

