Sun. May 10th, 2026

राष्ट्रीय लोक अदालत में 2.43 लाख से अधिक मामलों का हुआ निस्तारण

राष्ट्रीय लोक अदालत में 2.43 लाख से अधिक मामलों का हुआ निस्तारण

जनपद न्यायाधीश ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया शुभारंभ, समझौते के आधार पर 8.44 करोड़ की धनराशि दिलाई

सिद्धार्थनगर। जनपद वासियों को त्वरित व सुलभ न्याय दिलाने के संकल्प के साथ शनिवार को दीवानी न्यायालय परिसर सहित बांसी, डुमरियागंज व ग्राम न्यायालय इटवा में राष्ट्रीय लोक अदालत का भव्य आयोजन किया गया। जनपद न्यायाधीश व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अजय कुमार श्रीवास्तव तृतीय की अध्यक्षता में आयोजित इस लोक अदालत ने निस्तारण के मामले में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। आपसी सुलह-समझौते के आधार पर रिकॉर्ड 2,43,564 मुकदमों का निस्तारण किया गया, जिसमें कुल 8,44,87,945 रुपये की धनराशि अर्थदण्ड व सेटलमेंट के रूप में दिलाई गई।

राष्ट्रीय लोक अदालत कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए जनपद न्यायाधीश अजय कुमार श्रीवास्तव-तृतीय ने कहा कि लोक अदालत का मुख्य उद्देश्य बिना किसी कटुता के त्वरित न्याय सुनिश्चित करना है। इस दौरान मोटर दुर्घटना प्रतिकर दावा अधिकरण के पीठासीन अधिकारी अरविंद राय ने 47 वादों का निस्तारण कर पीड़ितों को 2,89,16,503 रुपये की क्षतिपूर्ति दिलाई। वहीं प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय अखिलेश कुमार पांडेय ने 21 पारिवारिक विवादों को सुलझाकर 16.20 लाख रुपये की समझौता राशि दिलाई।

राष्ट्रीय लोक अदालत में राजस्व और चकबंदी न्यायालयों का प्रदर्शन सर्वाधिक रहा जहां 2,27,250 वादों का निपटारा किया गया। इसके अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अनुभव कटियार ने 1507 वाद, अपर जिला जज मनोज कुमार तिवारी ने बिजली विभाग के 253 वाद और विभिन्न थानों ने 8588 मामलों का निस्तारण किया। ग्राम न्यायालय इटवा की न्यायाधिकारी सौम्या द्विवेदी ने भी 215 वादों का निस्तारण कर राहत दी। न्यायालय परिसर में एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी) के तहत काला नमक चावल का पंडाल लगाकर जिले की विशिष्ट पहचान का प्रचार-प्रसार भी किया गया।

इस अवसर पर नोडल अधिकारी बीरेन्द्र कुमार, अपर जिला जज मोहम्मद रफी, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शैलेन्द्र नाथ, सिविल जज अरुण कुमार-चतुर्थ, धम्म कुमार सिद्धार्थ सहित समस्त न्यायिक अधिकारी,बैंक प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे। सचिव शैलेन्द्र नाथ ने सफल आयोजन के लिए सभी विभागों और वादकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *