सिद्धार्थनगर: विभिन्न थाना क्षेत्रों में हुई सात चोरियों का पुलिस ने किया खुलासा
जनपदीय एंटी थेफ्ट टीम पुलिस व सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में एक आरोपी और तीन बाल अपचारियों को पकड़ा
सिद्धार्थनगर । जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में हुई सात चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा किया है। जनपदीय एंटी थेफ्ट टीम, थाना सिद्धार्थनगर पुलिस और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में एक आरोपी और तीन बाल अपचारियों को पकड़ा गया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की तीन मोटरसाइकिलें और चोरी की घटनाओं से प्राप्त कुल 36,100 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के आदेश, अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी सदर विश्वजीत सौरयान (आईपीएस) के नेतृत्व में की गई। जमुआर नाला के पास हुई गिरफ्तारी: पुलिस के मुताबिक, 9 अक्टूबर 2026 की रात एंटी थेफ्ट टीम और थाना सिद्धार्थनगर पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग तथा रात्रि गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम जमुआर नाला के पास मौजूद थी।तभी तीन मोटरसाइकिलों पर सवार चार व्यक्ति वहां पहुंचे। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो वे भागने लगे। इसके बाद संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर चारों को पकड़ लिया।
पूछताछ के दौरान पुलिस ने थाना सिद्धार्थनगर, मोहाना, लोटन और चिल्हिया क्षेत्र में मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं तथा थाना गोल्हौरा और मिश्रौलिया क्षेत्र में हुई चोरी की घटनाओं का खुलासा होने की बात कही है। पुलिस के अनुसार,आरोपियों के पास से चोरी की तीन मोटर- साइकिलें और अलग-अलग घटनाओं से संबंधित नकदी बरामद की गई।
एक आरोपी और तीन बाल अपचारी पकड़े गए: पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमित अग्रहरि पुत्र स्वर्गीय राजेश अग्रहरि, निवासी कस्बा पथरा बाजार, थाना पथरा, जनपद सिद्धार्थनगर के रूप में हुई है। उसके साथ तीन बाल अपचारियों को भी पकड़ा गया है। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर आरोपियों को न्यायालय भेजने की जानकारी दी है।
तीन मोटरसाइकिलें और नकदी बरामद: पुलिस ने बरामदगी में एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल नंबर यूपी 58 जेड 7152, दूसरी स्प्लेंडर मोटरसाइकिल नंबर यूपी 55 जे 5736 और एक अपाचे मोटरसाइकिल नंबर यूपी 47 जेड 0815 शामिल होने की जानकारी दी है। इसके अलावा, पुलिस के अनुसार थाना मोहाना क्षेत्र से चोरी की गई मोटरसाइकिल की बिक्री से प्राप्त 4,000 रुपये, थाना लोटन क्षेत्र की चोरी की मोटरसाइकिल की बिक्री से प्राप्त 2,000 रुपये और थाना चिल्हिया क्षेत्र की चोरी की मोटरसाइकिल की विक्री से प्राप्त 4,100 रुपये बरामद किए गए। वहीं, थाना गोल्हौरा क्षेत्र में हुई चोरी से संबंधित 12,000 रुपये और थाना मिश्रौलिया क्षेत्र की चोरी से संबंधित 14,000 रुपये नकद बरामद किए गए। इस प्रकार कुल 36,100 रुपये की नकदी बरामद होने की बात पुलिस ने कही है।
इन सात मुकदमों का हुआ खुलासा: पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई में थाना सिद्धार्थनगर के दो मुकदमों, थाना मोहाना, लोटन और चिल्हिया के एक-एक मुकदमे तथा थाना गोल्हौरा और मिश्रौलिया के एक-एक मुकदमे का अनावरण किया गया है। इन मामलों में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमे दर्ज हैं।
संयुक्त टीम ने की कार्रवाई: इस कार्रवाई में थाना सिद्धार्थनगर के प्रभारी निरीक्षक नवीन कुमार सिंह, एंटी थेफ्ट टीम के प्रभारी उपनिरीक्षक ओमप्रकाश मिश्र, सर्विलांस सेल प्रभारी उपनिरीक्षक शशिकांत, उपनिरीक्षक राहुल गुप्ता और उपनिरीक्षक मोतीलाल, हरिकेश यादव सहित एंटी थेफ्ट टीम तथा थाना सिद्धार्थनगर के पुलिसकर्मी शामिल रहे पुलिस की इस कार्रवाई के बाद जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्ज सात चोरी के मामलों के खुलासे की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने बरामद मोटरसाइकिलों और नकदी के संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की है।

