सिद्धार्थनगर 04 मई 2026
“हक की बात” डीएम के साथ द्वितीय चरण कार्यशाला का प्रेरणादायक आयोजन किया गया
सिद्धार्थनगर: मिशन शक्ति अभियान फेज 5.0 (द्वितीय चरण) “हक की बात जिलाधिकारी के साथ” कार्यशाला कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुआ। मिशन शक्ति अभियान फेज 5.0 के द्वितीय चरण के अंतर्गत “हक की बात जिलाधिकारी के साथ” कार्यक्रम का भव्य एवं प्रेरणादायक आयोजन किया गया। इस अवसर पर विभिन्न हाईस्कूलों के मेधावी छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन द्वारा की गई, जिनके मार्गदर्शन में बच्चों को उनके अधिकारों, कर्तव्यों एवं उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि शिक्षा जीवन का सबसे सशक्त माध्यम है, जो व्यक्ति को आत्मनिर्भर एवं जागरूक बनाती है। उन्होंने छात्र-छात्राओं को अनुशासन, परिश्रम एवं सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। विशेष रूप से बालिकाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आज के समय में बेटियां हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं, इसलिए उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग रहकर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने जिलाधिकारी से सीधे संवाद स्थापित कर शिक्षा, करियर विकल्प, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित प्रश्न पूछे,जिलाधिकारी ने सभी प्रश्नों का सरल, स्पष्ट एवं प्रेरणादायक उत्तर देते हुए बच्चों का मार्गदर्शन किया। इससे छात्र-छात्राओं में नई ऊर्जा एवं आत्मविश्वास का संचार हुआ।
वित्तीय वर्ष 2025-26 में हाई स्कूल एवं इन्टर मीडिएट की परीक्षा में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाली जनपद की 10-10 छात्राओं को उपहार देकर पुरस्कृत किया गया। इसके अलावा बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में विभिन्न प्रतियोगायें आयोजित की जिसमें प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली 39 बच्चियों को भी पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा उच्चीकृत कस्तूरबां गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में हाई स्कूल की परीक्षा पास करने वाली 06 छात्राओं एवं उनके अभिभावकों को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी ने सभी प्रतिभागियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहें और अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करें। यह कार्यक्रम मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक अरूण कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेष कुमार,जिला प्रोबेशन अधिकारी विनय कुमार सिंह व अन्य सम्बन्धित अधिकारी, छात्रायें आदि उपस्थित थे।


