छठ पर्व को लेकर शोहरतगढ़ में छठ घाटों का निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था का लिया गया जायजा
सिद्धार्थनगर। छठ महापर्व के दृष्टिगत बुधवार को शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के छठ घाटों का निरीक्षण किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के आदेश के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक प्रशान्त कुमार के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़ मयंक द्विवेदी ने उपजिलाधिकारी शोहरतगढ़ और प्रभारी निरीक्षक शोहरतगढ़ के साथ छठ घाटों का निरीक्षण कर सुरक्षा-व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान छठ घाट के आसपास पानी की गहराई का आकलन करवाया गया। गहरे पानी वाले क्षेत्रों में बांस का घेराव करने, आवागमन के मार्गों, यातायात व्यवस्था और पार्किंग व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया गया।
अधिकारियों ने छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा व कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संबंधित को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। निरीक्षण के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि रवि अग्रवाल, पुलिस व प्रशासन के अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

