जिलाधिकारी ने धान क्रय केंद्र का किया निरीक्षण,लापरवाही पर कार्रवाई की गई चेतावनी
जिलाधिकारी ने किसानों को समय से भुगतान करने और लक्ष्य के अनुरूप धान खरीद के दिए निर्देश
जोगिया/सिद्धार्थनगर। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने शुक्रवार को राजकीय धान क्रय केंद्र जोगिया द्वितीय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने धान खरीद की प्रगति की जानकारी ली और केंद्र प्रभारी को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रतिदिन खरीद सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान जिला खाद्य विपणन अधिकारी रमेश कुमार श्रीवास्तव ने डीएम को बताया कि केंद्र पर धान की खरीद की जा रही है। इस पर डीएम ने जिले के सभी क्रय केंद्रों पर नियमित रूप से खरीद कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खरीद में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि लक्ष्य के सापेक्ष खरीद नहीं होने पर संबंधित केंद्र प्रभारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने किसानों को समय से भुगतान करने और क्रय केंद्रों पर उनकी सुविधाओं का ध्यान रखने को कहा। जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि किसानों को अनावश्यक परेशानी हुई या केंद्र प्रभारियों के खिलाफ शिकायत मिली तो संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान जिला खाद्य विपणन अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे

