निमार्णाधीन मकान का छज्जा गिरने से मजदूर की मौत, परिवारजनों का रो-रोकर बुरा हाल, गांव में शोक की लहर
त्रिलोकपुर,सिद्धार्थनगर। त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के कमसार गांव में बुधवार सुबह निमार्णाधीन मकान का छज्जा गिरने से एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार कमसार गांव निवासी प्रकाश मौर्य (40) मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। बुधवार सुबह करीब आठ बजे वह अपने निमार्णाधीन मकान के छज्जे के नीचे लगी शटरिंग (प्लाई) – खोल रहे थे। तभी कांक्रीट का भारी भरकम छज्जा अचानक भरभराकर उनके ऊपर गिर पड़ा, जिससे वह मलबे में दब गए।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे तथा कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें मलबे से बाहर निकाला। गंभीर हालत में घायल व्यक्ति को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इटवा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया,मृतक अपने पीछे पत्नी, दो पुत्र और दो पुत्रियों को छोड़ गए हैं। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख पुकार मच गई और गांव में शोक का माहौल छा गया।
घटना की सूचना पर पूर्व बेसिक शिक्षा मंत्री डॉ. सतीश द्विवेदी मृतक के घर पहुंचे और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी।पूर्व बेसिक शिक्षा मंत्री ने प्रशासनिक अधिकारियों से वार्ता कर पीड़ित परिवार को शासन से मिलने वाली हर संभव आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। पुलिस ने आवश्यक हे कार्रवाई शुरू कर दी है।

