बढ़नी सीएचसी के उद्घाटन कार्यक्रम में मारपीट के मामले में प्रदीप कमलापुरी ने दी थाने में तहरीर
बढ़नी/सिद्धार्थनगर। नगरपंचायत बढ़नी में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के उद्घाटन एवं शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान शनिवार को हुए सांसद-विधायक विवाद का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। अब भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के क्षेत्रीय सह संयोजक प्रदीप कुमार पुत्र स्व० भगवती प्रसाद गुप्त ने ढेबरुआ पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर सांसद के समर्थकों पर मार-पीट करने और जान से मारने का प्रयास करने का आरोप लगाया है। प्रदीप कुमार कमलापुरी ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान विवाद की स्थिति उत्पन्न हुई थी।उन्होंने बताया कि इसी दौरान सांसद के समर्थकों द्वारा उनके साथ मार-पीट की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि हमलावरों ने उनके साथ मार-पीट करने के साथ गला दबाकर जान से मारने का प्रयास भी किया।
शिकायतकर्ता ने अपनी तहरीर में दर्जनों से अधिक लोगों पर घटना में
शामिल होने का आरोप लगाते हुए पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। गौरतलब है कि बढ़नी में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान शनिवार को समर्थकों के बीच विवाद और मार-पीट की घटना सामने आयी थी। इसके बाद से ही मामला चर्चा में है और अब दोनों पक्षों की ओर से शिकायतें सामने आ रही हैं। इस सम्बन्ध में ढेबरुआ थानाध्यक्ष चन्द्रकान्त पाण्डेय ने बताया कि प्रदीप कुमार की ओर से तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी।

