भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों में हुई कहा सुनी के बाद चली गोली: 40 वर्षीय व्यक्ति की मौत
सिद्धार्थनगर। सदर थाना क्षेत्र के जगदीशपुर मोहल्ले में रविवार सुबह भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों में हुई कहासुनी के बाद गोली चल गई। गोली लगने से लगभग 40 वर्षीय रामशंकर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मोहल्ले में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पड़ोसी पक्ष के कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस अन्य संदिग्धों की तलाश में भी जुटी है। जगदीशपुर मोहल्ला निवासी रामशंकर रस्तोगी का पड़ोसी अतुल दुबे और देवेश धर दुबे से भूमि को लेकर विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि इसी जमीन के मामले को लेकर न्यायालय में भी वाद लंबित है।
रविवार सुबह करीब 9:30 बजे दोनों पक्ष विवादित भूमि को लेकर आमने सामने आ गए। दोनों के बीच कहासुनी होने लगी। आरोप है कि इसी दौरान अतुल दुबे की ओर से किसी व्यक्ति ने गोली चला दी,गोली रामशंकर रस्तोगी के सीने में लगी और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। गोली चलने की आवाज और शोर सुनकर आस पास के लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना पर सदर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ की। बाद में पड़ोसी पक्ष के तीन लोगों को हिरासत में लेकरपूछताछ शुरू कर दी गई। मौके पर पहुंचे सदर थाना प्रभारी निरीक्षक नवीन सिंह ने बताया कि भूमि विवाद को लेकर गोली चलने और एक व्यक्ति की मौत की सूचना मिली है। मामले की जांच की जा रही है। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अभी घटना के संबंध में तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।श्रोत विज्ञप्ति।

