राम मंदिर के लिए एक पैसा न देने वाले किस मुंह से चढ़ावा चोरी की बात कर रहे हैं- सीएम योगी
विधानमंडल के मानसून सत्र से पहले सीएम योगी ने विपक्ष पर बोला जोरदार हमला
सीएम योगी ने विपक्ष पर राम मंदिर आंदोलन का विरोध करने का आरोप लगाते हुए कहा कि? देश अब उनके दोहरे चरित्र को देख रहा है
एक-डेढ़ सप्ताह में लागू होगा आउटसोर्स सेवा निगम,न्यूनतम मानदेय होगा सुनिश्चित
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता,आशा,रसोइयों और चौकीदारों का मानदेय बढ़ाने को अनुपूरक बजट में व्यवस्था
लखनऊः विधानमंडल के मानसून सत्र से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को विपक्ष पर जोरदार हमला बोला। राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर विपक्ष को घेरते हुए कहा कि जिन लोगों की जेब से मंदिर निर्माण के लिए एक पैसा भी नहीं निकला, वही आज चढ़ावा चोरी की बात कर रहे हैं। विपक्ष पर राम मंदिर आंदोलन का विरोध करने का आरोप लगाते हुए कहा कि देश अब उनके दोहरे चरित्र को देख रहा है। उन्होंने आउटसोर्स कर्मियों के लिए एक-डेढ़ सप्ताह में आउटसोर्स सेवा निगम को क्रियाशील करने का एलान भी किया। न्यूनतम मानदेय सुनिश्चित करने के साथ ही किसानों के लिए खाद की उपलब्धता बनाए रखने की बात भी कही।
सीएम योगी ने कहा कि आंगनबाड़ी व आशा कार्यकर्ताओं, रसोइयों और ग्राम चौकीदारों सहित विभिन्न वर्गों के मानदेय में सुधार के लिए सरकार अनुपूरक बजट के माध्यम से आवश्यक प्रविधान कर रही है। राम मंदिर के मुद्दे पर विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग आज चढ़ावा चोरी का आरोप लगा रहे हैं, वही पहले राम मंदिर निर्माण में बाधा डालने के लिए अदालतों में वकीलों की फौज खड़ी करते थे और जय श्रीराम बोलने वालों पर लाठी-गोली चलवाते थे।
किसानों के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने सपा पर हमला बोलते हुए कहा कि पिछली सरकारों में किसानों को सिंचाई, भुगतान और सुरक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ता था,खाद वितरण पोर्टल में आई तकनीकी दिक्कतों का उल्लेख करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी किसान को उर्वरक की कमी का सामना न करना पड़े।उन्होंने कहा कि मानसून सत्र प्रदेश के विकास की दिशा तय करने वाला महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने विपक्ष से अपील की कि वह नकारात्मक राजनीति छोड़कर गरीब, किसान, युवा और महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर सदन में सार्थक चर्चा करें।
सीएम योगी ने पावन श्रावण मास का उल्लेख करते हुए कहा कि यह किसानों, युवाओं और शिवभक्तों के लिए विशेष महत्व का मास है। सीएम ने कांवड़ यात्रियों के लिए की गई व्यवस्थाओं के बारे में कहा कि सरकार उनकी सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।विधानसभा व विधान परिषद के सदस्य भी सात अगस्त से इन आयोजनों में भाग लेंगे। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे मानसून सत्र में स्वस्थ और सकारात्मक चर्चा के माध्यम से प्रदेश के 25 करोड़ लोगों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। इस अवसर मुख्यमंत्री के साथ में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक,वित्त और संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही,अजय सिंह व मंत्रिमंडल के सहयोगिगण मौजूद रहे: सोर्स विज्ञप्ति।

