जिलाधिकारी ने बीडीओ कार्यालय बर्डपुर का किया निरीक्षण
बर्डपुर,सिद्धार्थनगर। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने बुधवार को विकास खंड बर्डपुर स्थित खंड विकास अधिकारी कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विकास खंड परिसर का जायजा लिया और व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान परिसर में जर्जर एवं निष्प्रयोज्य घोषित भवन को देखकर जिलाधिकारी ने उसका नियमानुसार ध्वस्तीकरण कराने का निर्देश दिया। साथ ही पूरे परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर बनाने को कहा। उन्होंने खंड विकास अधिकारी से ग्राम पंचायतों में संचालित कार्यों और गतिविधियों के संबंध में भी जानकारी ली। जिलाधिकारी ने जनगणना 2027 तथा विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन अभियानों में पंचायत सहायकों और ग्राम प्रधानों को भी सक्रिय रूप से जोड़ा जाए। इसके साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं का सहयोग भी लिया जाए,ताकि अभियान को प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सके। उन्होंने बीबी-जी रामजी के तहत कार्यस्थलों पर कार्यरत श्रमिकों की स्वगणना कराने पर जोर दिया। साथ ही जनगणना एवं विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान की प्रतिदिन समीक्षा करने का निर्देश दिया, जिससे कार्यों की प्रगति पर नजर रखी जा सके और कमियों को समय रहते दूर किया जा सके। निरीक्षण के दौरान खंड विकास अधिकारी बर्डपुर अजय प्रताप सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

