किसान दिवस के आयोजन में सम्मान निधि, फसल बीमा, सिंचाई और बिजली से जुड़े अहम मुद्दे उठाए
लोहिया कला भवन में बुधवार को आयोजित किसान दिवस में डीएम शिवशरणप्पा जीएन व अन्य अधिकारी
पात्र किसानों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए जिलाधिकारी द्वारा अफसरों को मिले निर्देश,किसानों की समस्याओं का समय से करें निस्तारण
सिद्धार्थनगर, किसान दिवस में प्राप्त होने वाली सभी शिकायतों का समय से गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। किसानों की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। ये चेतावनी डीएम शिवशरणप्पा जीएन ने बुधवार को लोहिया कला भवन में आयोजित किसान दिवस अधिकारियों को निर्देश दिए ।डीएम ने किसानों से कहा कि वे अपनी समस्याएं लिखित रूप में उपलब्ध कराएं, जिससे उनका प्रभावी समाधान कराया जा सके। उन्होंने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को किसान दिवस में स्वयं उपस्थित रहने व किसानों की समस्याओं के प्रति गंभीरता बरतने के निर्देश दिए। बैठक में किसान सम्मान निधि, फार्मर रजिस्ट्री, बिजली बिल, सिंचाई, कृषि बीज एवं दवाओं की उपलब्धता व प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से संबंधित समस्याएं प्रमुख रूप से उठाईं गईं। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करते हुए समस्याओं का निराकरण कराने के निर्देश दिए। साथ ही फसल बीमा योजना के पात्र लाभार्थियों के खातों में क्षतिपूर्ति की धनराशि शीघ्र भेजने को कहा। उन्होंने कहा कि कोई भी समस्या हो उसे लिखित में दें, तय समय सीमा के अंदर कराया जाएगा समस्या का निस्तारण, उन्होंने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र किसान तक पहुंचना चाहिए। प्राप्त शिकायतों को संबंधित विभागों को प्रेषित कर उनका शत-प्रतिशत निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। बैठक में सीडीओ बलराम सिंह, उप कृषि निदेशक राजेश कुमार, जिला कृषि अधिकारी रविशंकर पांडेय, अधिशासी अभियंता विद्युत ज्ञान प्रकाश आदि मौजूद रहे।

