Thu. Oct 1st, 2026

गड्डों में तब्दील हुई शहर की अहम सड़क! जलभराव ने बढ़ायी राहगीरों की मुश्किल

गड्डों में तब्दील हुई शहर की अहम सड़क! जलभराव ने बढ़ायी राहगीरों की मुश्किल

बांसी सिद्धार्थनगर। जिले के आदर्श नगर पालिका परिषद बांसी की बदहाल व्यवस्था की तस्वीर शहर के सबसे महत्वपूर्ण मार्गों में शामिल पंडित शेष दत्त त्रिपाठी मार्ग पर साफ दिखाई दे रही है। सड़क पूरी तरह गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। बारिश के बाद गड्डों में पानी भर जाने से हालात और भी बदतर हो गए हैं। सड़क पर पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है। पंडित शेष दत्त त्रिपाठी मार्ग पर सर्विस डाकघर, भारतीय स्टेट बैंक, कोतवाली समेत कई निजी विद्यालय और अस्पताल स्थित हैं। यही मार्ग आगे जाकर रोडवेज चौराहे से जुड़ता है। इस वजह से यहां दिनभर लोगों और वाहनों का आवागमन बना रहता है। इसके बावजूद सड़क की बदहाली दूर करने के लिए जिम्मेदारों की ओर से अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।

बारिश के बाद सड़क के गड्डों में पानी भर जाने से राहगीरों को उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता। आए दिन पैदल राहगीर गड्डों में गिरकर चोटिल हो रहे हैं। बाइक सवार भी गड्डों और जलभराव के कारण असंतुलित होकर गिर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता। कस्बे वासियों का कहना है कि पंडित शेष दत्त त्रिपाठी मार्ग कोई सामान्य गली नहीं, बल्कि शहर के महत्वपूर्ण संस्थानों को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है। इसके बावजूद लंबे समय से सड़क की दुर्दशा बनी हुई है। लोगों ने नगर पालिका से सड़क की तत्काल मरम्मत और जलनिकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *