डीएम ने शिक्षकों की उपस्थिति में भोजन की परखी गुणवत्ता,परिसर की साफ-सफाई बेहतर करने के दिए निर्देश
सिद्धार्थनगर।जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने शनिवार को कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय उस्का बाजार का औचक निरीक्षण कर विद्यालय की शैक्षणिक, आवासीय एवं व्यवस्थागत गतिविधियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय में उपलब्ध व्यवस्थाओं को बारीकी से देखा और संबंधित जिम्मेदारों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।सबसे पहले जिलाधिकारी ने विद्यालय की उपस्थिति पंजिका का अवलोकन किया। जांच के दौरान सभी शिक्षक उपस्थित पाए गए। इसके बाद उन्होंने विद्यालय की विभिन्न कक्षाओं का निरीक्षण कर छात्राओं की शैक्षणिक गतिविधियों एवं शिक्षण व्यवस्था की जानकारी ली। डीएम ने विद्यालय के रसोईघर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने छात्राओं के लिए तैयार किए जा रहे भोजन की गुणवत्ता को देखा और व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान भोजन की गुणवत्ता ठीक पाई गई।
जिलाधिकारी ने विद्यालय प्रशासन को छात्राओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने की व्यवस्था निरंतर बनाए रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं विद्यालय प्रशासन को परिसर की स्वच्छता व्यवस्था और बेहतर कराने के निर्देश दिए, ताकि आवासीय विद्यालय में रहने वाली छात्राओं को स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण मिल सके।

