Sun. Nov 22nd, 2026

सीएम योगी की मां ने 91 साल की उम्र में ली अंतिम सांस, पीएम मोदी ने फोन कर जताई संवेदना

सीएम योगी की मां ने 91 साल की उम्र में ली अंतिम सांस, पीएम मोदी ने फोन कर जताई संवेदना

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का आज 91 वर्ष की उम्र में उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले स्थित उनके पैतृक गांव पंचूर में निधन हो गया। मां के निधन की खबर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। इस दुखद घटना के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से फोन पर बात की और उनकी मां के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की।प्रधानमंत्री ने इस कठिन समय में योगी आदित्यनाथ और उनके परिवार के प्रति अपनी सहानुभूति जताते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। बताया जा रहा है कि सावित्री देवी लंबे समय से अस्वस्थ चल रही थीं। शुक्रवार सुबह पंचूर गांव स्थित अपने आवास पर उन्होंने अंतिम सांस ली।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भाई महेंद्र ने उनके निधन की पुष्टि की। परिवार और स्थानीय लोगों के मुताबिक, उम्र संबंधी परेशानियों के साथ ही उन्हें सांस लेने में भी दिक्कत हो रही थी। बताया गया कि पिछले काफी समय से उनकी तबीयत ठीक नहीं थी और वह मुख्य रूप से अपने परिवार के सदस्यों को ही पहचान पा रही थीं। मां के निधन की सूचना मिलने के समय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर में एक सार्वजनिक कार्यक्रम में मौजूद थे। वह वहां विद्यार्थियों को टैबलेट वितरण से जुड़े कार्यक्रम में शामिल हुए थे। व्यक्तिगत जीवन के इस बड़े दुख के बावजूद उन्होंने अपने निर्धारित कार्यक्रमों को पूरा किया।आपको बता दें कि पंचूर उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर क्षेत्र में स्थित है। यही वह गांव है, जहां योगी आदित्यनाथ का जन्म अजय सिंह विष्ट के रूप में हुआ था और जहां उनका बचपन बीता।

योगी आदित्यनाथ का अपने पैतृक गांव और परिवार से जुड़ाव रहा है। मुख्यमंत्री बनने के बाद भी वह कई मौकों पर पंचूर पहुंचे हैं। फरवरी 2026 में भी उन्होंने अपने गांव का दौरा किया था और परिजनों के साथ समय बिताया था। इससे पहले मई 2022 में भी वह अपनी मां से मिलने पंचूर पहुंचे थे। सावित्री देवी अपने पति आनंद सिंह विष्ट के निधन के बाद भी गांव में ही रह रही थीं। आनंद सिंह विष्ट का अप्रैल 2020 में निधन हुआ था। उस समय कोरोना महामारी के कारण लागू प्रतिबंधों और मुख्यमंत्री के प्रशासनिक दायित्वों के चलते योगी आदित्यनाथ अपने पिता के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो पाए थे।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *