सांसद जगदंबिकापाल पाल की अध्यक्षता में दिशा की बैठक में विकास कार्यों की हुई समीक्षा
समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्यों से सिद्धार्थनगर को अग्रणी जनपद बनाना हम सबकी प्राथमिकता: सांसद जगदंबिका पाल
जिलाधिकारी ने बैठक में अनुपस्थित एवं लापरवाह अधिकारियों को दी सख्त कार्रवाई के निर्देश!
संवाददाता, सिद्धार्थनगर।लोहिया कला भवन में शुक्रवार को जिला ग्राम्य विकास अभिकरण की ओर से जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक सांसद डुमरियागंज जगदंबिका पाल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जनपद के विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस दौरान अनुपस्थित अधिकारियों के प्रति नाराजगी जताते हुए उनका वेतन रोकने के लिए जिलाधिकारी को निर्देशित किया गया। बैठक में विधायक कपिलवस्तु श्यामधनी राही, विधायक शोहरतगढ़ विनय वर्मा, विधायक डुमरियागंज सैय्यदा खातून, जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल एवं मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह मौजूद रहे। सर्वप्रथम सांसद सहित जनप्रतिनिधियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया। इसके बाद पिछली आठ जुलाई को आयोजित दिशा की बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि आगामी बैठकों में अनुपस्थिति बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

