सिद्धार्थनगर: बुधवार 22 अप्रैल 2026
डीएम की अध्यक्षता में स्कूली वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने हेतु गोष्ठी का आयोजन हुआ
स्कूल वाहनों के स्वामी को अपने कर्तव्यों का पूर्ण निष्ठा एवं सजगता के साथ नियमों का निर्वहन करना सुनिश्चित कराएं- जिलाधिकारी
यातायात नियमों का पालन कराएं : सभी सुरक्षा मानकों का पालन हो रहा है या नहीं,यह भी सुनिश्चित करें -जिलाधिकारी
वाहन चालकों का पुलिस सत्यापन, उनके ड्राइविंग लाइसेंस की वैधता तथा समय-समय पर उनका स्वास्थ्य परीक्षण भी अनिवार्य रूप से कराया जाए- जिलाधिकारी
सिद्धार्थनगर: जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक डा० अभिषेक महाजन की उपस्थिति में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से अंबेडकर सभागार में गोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि स्कूली वाहन चालक केवल एक वाहन चालक नहीं होते, बल्कि वे देश के भविष्य को सुरक्षित गंतव्य तक पहुंचाने की जिम्मेदारी निभाते हैं। उन्होंने कहा कि “आप सिर्फ गाड़ी नहीं चला रहे हैं, बल्कि नन्हे-मुन्ने बच्चों के जीवन की जिम्मेदारी आपके हाथों में है।” इसीलिए प्रत्येक वहां चालक को विशेष बल देते हुए कहा कि सड़क पर छोटी-सी लापरवाही भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। उन्होंने सभी चालकों को निर्देशित किया कि वे निर्धारित गति सीमा का पालन करें, ओवरलोडिंग से बचें, नशे की हालत में वाहन न चलाएं तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग बिल्कुल न करें। साथ ही, वाहन में अग्निशमन यंत्र, फर्स्ट एड बॉक्स, जीपीएस सिस्टम एवं सीसीटीवी कैमरा जैसी आवश्यक सुविधाएं अनिवार्य रूप से उपलब्ध रखने के निर्देश भी दिए गए।
डीएम ने विद्यालय प्रबंधकों को भी यह सुनिश्चित करने के लिए कहा गया कि वे अपने वाहनों के फिटनेस की समय समय पर जांच कराते रहें।बैठक की अध्यक्षता, परिवहन विभाग के अधिकारी, विभिन्न विद्यालयों के प्रबंधक, प्रधानाचार्य एवं स्कूली वाहन चालक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। गोष्ठी का मुख्य उद्देश्य बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करना तथा सड़क सुरक्षा के प्रति सभी संबंधित पक्षों को जागरूक करना रहा। गोष्ठी के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से यह संकल्प लिया कि वे यातायात नियमों का पूरी ईमानदारी से पालन करेंगे और बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देंगे। “आइए हम सब मिलकर यातायात नियमों के पालन का संकल्प लें” के संदेश के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
इस अवसर पर यह भी रेखांकित किया गया कि आपकी एक छोटी-सी सावधानी कई जिंदगियों को बचा सकती है। अतः प्रत्येक चालक को जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करना चाहिए, ताकि हमारे बच्चों का भविष्य सुरक्षित और उज्ज्वल बना रहे। इस अवसर पर उपरोक्त के अतिरिक्त पीडी नागेन्द्र मोहन राम त्रिपाठी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेष कुमार, एआरटीओ संजय सिंह, अधिशासी अभियन्ता लोक निर्माण विभाग (प्रा०ख०) कमल किशोर,व अन्य सम्बन्धित उपस्थित रहे।

