बांसी में सिद्धार्थ विश्वविद्यालय का साउथ कैंपस एवं राजकीय कन्या इंटर कॉलेज के भवन निर्माण के लिए राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन
दिल्ली विश्वविद्यालय की तर्ज पर बांसी अथवा उसके आसपास सिद्धार्थ विश्वविद्यालय का एक साउथ कैंपस स्थापित करने की मांग
डुमरियागंज और इटवा तहसील के विद्यार्थियों के लिए दूरी अधिक होने तथा परिवहन खर्च वहन करना हो जाता है कठिन,जिसके कारण अनेक छात्र-छात्राओं की उच्च शिक्षा बीच में हो जाती है बाधित
सिद्धार्थनगर। नगर पालिका परिषद बांसी के मनोनीत सदस्य एवं आदर्श व्यापार मंडल के अध्यक्ष घनश्याम जायसवाल, व्यापार मंडल के उपाध्यक्ष प्रेम नारायण पाण्डेय तथा उपकोषाध्यक्ष मेहताब आलम के त्रि-सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को सिद्धार्थ विश्वविद्यालय के गेस्ट हाउस में प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल को माध्यमिक एवं उच्च शिक्षा से संबंधित विभिन्न मांगों का ज्ञापन सौंपा।
पूर्व प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन सौंपने से राज्यपाल को श्रीमद्भगवद्गीता एवं श्रीरामचरितमानस की प्रति भेंट कर स्वागत किया। प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन में कहा कि सिद्धार्थ विश्वविद्यालय की स्थापना जल्दबाजी में किए जाने के कारण विश्वविद्यालय तक आवागमन की समुचित व्यवस्था नहीं हो सकी है। विशेष रूप से डुमरियागंज और इटवा तहसील के विद्यार्थियों के लिए दूरी अधिक होने तथा परिवहन खर्च वहन करना कठिन होने से अनेक छात्र-छात्राओं की उच्च शिक्षा बीच में ही रुक जाती है। वर्तमान में विश्वविद्यालय में लगभग 1800 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं।
ज्ञापन में मांग की गई कि दिल्ली विश्वविद्यालय की तर्ज पर बांसी अथवा उसके आसपास सिद्धार्थ विश्वविद्यालय का एक साउथ कैंपस स्थापित किया जाए। प्रतिनिधिमंडल ने बांसी में किराये के भवन में संचालित राजकीय कन्या इंटर कॉलेज के स्थायी भवन का शीघ्र निर्माण कराने की मांग भी उठाई।

