सिद्धार्थनगर: 28 नवंबर 2026
पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत, जिलाधिकारी ने की जनपदवासियों से सहभागिता की अपील
घर-घर पहुंचेगी सर्वेक्षण टोली, बूथों पर भी मिलेंगे बीएलओ एवं पदाभिहित अधिकारी
ग्राम प्रधान, सभासद एवं जनप्रतिनिधियों से भी सहयोग का आह्वान
सिद्धार्थनगर। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (Special Summary Revision-SIR) अभियान के अंतर्गत 28 एवं 29 नवंबर को विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। अभियान की तैयारियों एवं प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) डॉ. ज्ञान प्रकाश ने संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि विशेष अभियान दिवसों पर बीएलओ के नेतृत्व में गठित सर्वेक्षण टोलियां घर-घर जाकर परिवारों से संपर्क करेंगी तथा मतदाता सूची से संबंधित आवश्यक जानकारी एकत्रित करेंगी। इस कार्य में आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, ग्राम रोजगार सेवक, पंचायत सहायक, कृषि विभाग के कार्मिक एवं कोटेदार सहयोग करेंगे। नगरीय क्षेत्रों में वार्ड सदस्यों, सफाई नायकों तथा नगर पालिका के संबंधित कर्मचारियों की भी सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
बूथ पर भी उपलब्ध रहेंगे बीएलओ एवं पदाभिहित अधिकारी: अपर जिलाधिकारी ने बताया कि नागरिक अपने संबंधित बूथ पर पहुंचकर बीएलओ, पदाभिहित अधिकारी अथवा संबंधित विद्यालय के प्रधानाध्यापक से भी संपर्क कर सकते हैं। मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, नाम एवं पते में संशोधन कराने तथा अन्य आवश्यक जानकारी एवं निर्धारित प्रपत्र उपलब्ध कराने के लिए बूथ पर संपर्क किया जा सकता है।
प्रत्येक बीएलओ तैयार करेगा परिवारवार विवरण का रजिस्टर: अभियान के अंतर्गत प्रत्येक बीएलओ को अपने बूथ का सुव्यवस्थित रजिस्टर तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। इसमें बूथवार एवं परिवारवार विवरण, परिवार के सदस्यों की संख्या, मोबाइल नंबर तथा प्रत्येक सदस्य की आवश्यक जानकारी दर्ज की जाएगी। पुरुष, महिला एवं ट्रांसजेंडर (तृतीय लिंग) सदस्यों का विवरण अलग-अलग संकलित किया जाएगा।
गूगल फॉर्म के माध्यम से होगा डिजिटल डाटा संकलन: सूचनाओं के व्यवस्थित संकलन एवं निगरानी के लिए गूगल फॉर्म भी तैयार किया गया है। बीएलओ द्वारा रजिस्टर में दर्ज जानकारी के साथ निर्धारित गूगल फॉर्म पर भी सूचनाएं भरी जाएंगी। इससे बूथवार एवं परिवारवार आंकड़ों का डिजिटल संकलन, मिलान एवं समीक्षा की जा सकेगी।
ग्राम प्रधान एवं सभासद भी करें सहयोग: अपर जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधानों, ग्राम पंचायत सचिवों, पंचायत सहायकों, सभासदों एवं अन्य जनप्रतिनिधियों से अपील की है कि वे अपने-अपने क्षेत्र में नागरिकों को अभियान के प्रति जागरूक करें तथा पात्र व्यक्तियों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित करें। विद्यालयों के प्रधानाध्यापक एवं संबंधित कर्मचारी भी बूथ स्तर पर अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।
जिलाधिकारी की जनपदवासियों से अपील: जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने जनपद के समस्त नागरिकों से अपील की है कि वे 28 एवं 29 नवंबर को आयोजित विशेष अभियान दिवसों में बढ़-चढ़कर सहभागिता करें। अपने परिवार के सभी पात्र सदस्यों के नाम मतदाता सूची में दर्ज होने की जांच करें। 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके पात्र युवाओं का नाम निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए आवेदन करें। नाम, पता अथवा अन्य विवरणों में त्रुटि होने पर नियमानुसार संशोधन कराएं।
जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध एवं अद्यतन होना लोकतंत्र की मजबूती के लिए आवश्यक है। यह केवल प्रशासनिक दायित्व नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की लोकतांत्रिक जिम्मेदारी भी है। उन्होंने ग्राम प्रधानों, सभासदों, जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों से प्रशासन का सहयोग करते हुए यह सुनिश्चित करने की अपील की कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे,
जिला प्रशासन की अपील : 28 एवं 29 नवंबर को अपने बूथ पर पहुंचें, बीएलओ को सहयोग दें और शुद्ध मतदाता सूची के निर्माण में सहभागी बनें।

