डीएम एसपी ने सुनी फरियादियों की समस्या,प्राप्त 50 शिकायतों में 6 शिकायत का मौके पर हुआ निस्तारण
डुमरियागंज में संपूर्ण समाधान दिवस पर पहुंचे 50 मामले!राजस्व विवादों की रही भरमार,शिकायत निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
सिद्धार्थनगर। डुमरियागंज के तहसील सभागार में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की भीड़ उमड़ी और जनसमस्याओं के समाधान को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों ने एक-एक शिकायत की गंभीरता से सुनवाई की। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन की अध्यक्षता और पुलिस अधीक्षक डा. अभिषेक महाजन की मौजूदगी में आयोजित समाधान दिवस में राजस्व, पुलिस, विकास और अन्य विभागों से जुड़े कुल 50 प्रार्थना पत्र प्रस्तुत हुए। इनमें राजस्व विभाग से संबंधित मामलों की संख्या सबसे अधिक रही। मौके पर ही छह मामलों का निस्तारण कर राहत दी गई, जबकि शेष मामलों के समाधान के लिए अधिकारियों को तीन दिन की समय सीमा तय कर सख्त निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने समाधान दिवस के दौरान पिछले आयोजन में प्राप्त शिकायतों की प्रगति रिपोर्ट का भी अवलोकन किया। कुछ मामलों में धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने जिला स्तरीय टीम गठित कर मौके पर जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि तहसील समाधान दिवस और आईजीआरएस पोर्टल पर आने वाली शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण प्रशासन की प्राथमिकता है। शिकायतों की जांच शिकायतकर्ता और विपक्षी दोनों पक्षों की मौजूदगी में पारदर्शिता के साथ की जाए, ताकि किसी भी पक्ष को असंतोष न रहे।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी विभाग का मामला अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रहना चाहिए,उन्होंने कहा कि यदि लापरवाही या उदासीनता सामने आई तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। समाधान दिवस में राजस्व विभाग के 35, पुलिस विभाग के आठ, विकास विभाग के दो तथा अन्य विभागों के पांच मामले दर्ज किए गए।
इस दौरान एसडीएम विवेकानंद मिश्र,डीएफओ नीला एम, क्षेत्राधिकारी बृजेश वर्मा, डीसी मनरेगा संदीप सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी देवेंद्र प्रताप सिंह, उप कृषि निदेशक राजेश कुमार, बीएसए शैलेश कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी साहब यादव, एक्सईएन लो0नि0वि0 विवेक राय, एक्सईएन विद्युत संदीप त्रिपाठी, तहसीलदार रवि कुमार यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

