डीएम ने कलक्ट्रेट कार्यालयों के औचक निरीक्षण के दौरान की कार्रवाई: 25 अफसर और कर्मचारी मिले गैरहाजिर!एक दिन का वेतन काटने के दिए निर्देश
सिद्धार्थनगर।स्रोत विज्ञप्ति: जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने सोमवार को कलक्ट्रेट परिसर के विभिन्न पटलों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने संयुक्त कार्यालय, अभिलेखागार, प्रोबेशन, भूलेख, कोषागार, एसडीएम न्यायिक, अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) सहित अन्य शाखाओं का मुआयना किया।
इस दौरान खाद्य सुरक्षा और औषधि प्रशासन विभाग का कार्यालय बंद पाया गया। वहीं, अनुपस्थित पाए गए विभिन्न विभागों के 25 अधिकारियों व कर्मचारियों से स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने अनुपस्थित पाए गए अधिकारियों एवं कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटने के लिए भी निर्देशित किया।
जिलाधिकारी ने कार्यालयों की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रख रखाव और सफाई व्यवस्था का विशेष रूप से जायजा लिया। सफाई व्यवस्था संतोषजनक न पाए जाने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त की और संबंधित अधिकारियों को तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्यालय परिसर में स्वच्छता और अनुशासन से किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं है।
डीएम के औचक निरीक्षण के दौरान कई अधिकारी एवं कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए, जिसमें संयुक्त कार्यालय के 13 कर्मचारी,भूलेख के तीन कर्मचारी, कोषागार के छह कर्मचारी, आबकारी विभाग के दो कर्मचारी तथा प्रोबेशन विभाग का एक कर्मचारी शामिल है,इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने सभी अनुपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों से स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए,तथा अनुपस्थित अधिकारियों का एक दिन का वेतन काटने का आदेश दिया।

