डुमरियागंज थाना क्षेत्र अंतर्गत अज्ञात कारणों से खेतों में लगी आग: ग्रामीणों की मदद से दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू
डुमरियागंज,सिद्धार्थनगर: डुमरियागंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत पोखरा कानूनगो में शनिवार को अज्ञात कारणों से अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और खेतों में खड़ी किसानों की लगभग 10 बीघा तैयार गेहूं की फसल जलकर पूरी तरह राख हो गई। घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और किसानों के चेहरे पर मायूसी साफ दिखाई दी। आग लगने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और अपने स्तर पर आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए। ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए फायर सर्विस को भी सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ मिलकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक काफी नुकसान हो चुका था और किसानों की मेहनत पर पानी फिर गया। घटना के दौरान खेतों में तेज लपटें और धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई दे रहा था। आसपास के लोग भयभीत हो गए और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गए। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि अगर समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो नुकसान और भी ज्यादा हो सकता था।
भारत भारी नगर पंचायत के अध्यक्ष चंद्र प्रकाश वर्मा उर्फ चंद चौधरी भी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचकर आग बुझाने के कार्यों में सहयोग किया।उन्होंने घटना की जानकारी डुमरियागंज के उपजिलाधिकारी राजेश कुमार को दी, ताकि प्रभावित किसानों को जल्द से जल्द सहायता उपलब्ध कराई जा सके। इस अग्निकांड से किसानों को भारी आर्थिक क्षति हुई है। उनकी तैयार फसल जल जाने से आजीविका पर संकट खड़ा हो गया है। प्रभावित किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि उन्हें शीघ्र उचित मुआवजा प्रदान किया जाए, जिससे वे अपने नुकसान की भरपाई कर सकें और भविष्य में खेती करना जारी रख सकें।

