Mon. Jun 29th, 2026

सिद्धार्थ विश्वविद्यालय में प्रस्तावित समरोह स्थल का डीएम-एसएसपी ने किया निरीक्षण

सिद्धार्थ विश्वविद्यालय में प्रस्तावित समरोह स्थल का डीएम-एसएसपी ने किया निरीक्षण

अयोध्या से हेलिकॉप्टर से सिद्धार्थनगर पहुंचेंगी, विश्विद्यालय के अतिथि गृह में रात्रि विश्राम

राज्यपाल की सुरक्षा के लिए अभेद्य घेरा, सात जोन और 30 सेक्टर में बंटी सुरक्षा व्यवस्था

नेपाल सीमा से सटे विश्वविद्यालय के परिसर में एक हजार से अधिक जवान तैनात, महामहिम करेंगी मेधावियों को सम्मानित

सिद्धार्थनगर।सिद्धार्थ विश्वविद्यालय, कपिलवस्तु में 29 जून को आयोजित होने वाले दसवें दीक्षांत समारोह को लेकर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है। विश्वविद्यालय की कुलाधिपति व उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के आगमन को देखते हुए पुलिस, एसएसबी और खुफिया एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। पूरे परिसर को सात जोन और 30 सेक्टर में विभाजित किया है। नेपाल सीमा से सटे कार्यक्रम स्थल को अभेद सुरक्षा घेरे में रखा जाएगा, जहां बिना वैध पास के किसी को प्रवेश नहीं मिलेगा। राजभवन द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल 28 जून की अपराह्न विश्वविद्यालय परिसर पहुंचेंगी। इसके बाद 29 जून को आयोजित दीक्षांत समारोह में मेधावी विद्यार्थियों को उपाधियां और स्वर्ण पदक प्रदान करेंगी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों और विशिष्ट अतिथियों के शामिल होने की संभावना है। नेपाल सीमा के निकट कार्यक्रम होने के कारण सुरक्षा व्यवस्था को विशेष रूप से मजबूत किया गया है।पुलिस प्रशासन ने पूरे परिसर को सात जोन और 30 सेक्टर में विभाजित किया है। प्रत्येक सेक्टर की जिम्मेदारी एक क्षेत्राधिकारी (सीओ) को सौंपी गई है जो अपने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेंगे। सुरक्षा व्यवस्था में एक अपर पुलिस अधीक्षक, नौ क्षेत्राधिकारी, 39 निरीक्षक, 147 उपनिरीक्षक, 587 मुख्य आरक्षी और आरक्षी, 95 महिला आरक्षी और 25 यातायात पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा पीएसी और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के जवान भी सुरक्षा व्यवस्था में लगाए जाएंगे।

जनपद में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के प्रस्तावित भ्रमण और दीक्षांत समारोह को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने सिद्धार्थ विश्वविद्यालय कपिलवस्तु में कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान अफसरों ने कार्यक्रम स्थल, हेलीपैड, प्रवेश व निकास मार्ग, सुरक्षा प्रबंधन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया। अधिकारियों से सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की चूक न हो, सभी तैयारियां समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी और एसएसपी ने कार्यक्रम में आने वाले विशिष्ट अतिथियों की आवाजाही, यातायात प्रबंधन, बैरिकेडिंग तथा अन्य व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) गौरव श्रीवास्तव, अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार, थानाध्यक्ष कपिलवस्तु सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जाएगी: होटल- लॉज में ठहरने वालों का सत्यापन पुलिस ने सीमावर्ती क्षेत्रों और पड़ोसी जनपदों की पुलिस को भी सतर्क कर दिया है। होटल, लॉज, ढाबों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर ठहरने वाले लोगों का सत्यापन कराया जा रहा है, ताकि कोई संदिग्ध व्यक्ति कार्यक्रम तक न पहुंच सके।

खुफिया एजेंसियां भी लगातार इनपुट जुटाने में लगी हैं। पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने बताया कि दीक्षांत समारोह को लेकर व्यापक सुरक्षा योजना तैयार की गई है। कार्यक्रम स्थल पूरी तरह सुरक्षा घेरे में रहेगा और प्रत्येक प्रवेश द्वार पर कड़ी जांच के बाद ही लोगों को प्रवेश दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं कुलाधिपति का 28 और 29 जून को सिद्धार्थनगर में करीब 20 घंटे रहेंगी। राज्यपाल 28 जून की शाम अयोध्या से हेलिकॉप्टर द्वारा सिद्धार्थनगर पहुंचेंगी और सिद्धाथ विश्वविद्यालय के अतिथि गृह में रात्रि विश्राम करेंगी। अगले दिन 29 जून को वह सिद्धार्थ विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होकर मेधावी विद्यार्थियों को उपाधियां और पदक प्रदान करेंगी।जारी कार्यक्रम के अनुसार 28 जून को अयोध्या में पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों के बाद शाम 4:10 बजे अयोध्या एयरपोर्ट से हेलिकॉप्टर द्वारा प्रस्थान करेंगी। शाम करीब 4:40 बजे सिद्धार्थ विश्वविद्यालय के निकट हेलीपैड पर उतरने के बाद सड़क मार्ग से विश्वविद्यालय के अतिथि गृह पहुंचेंगी, जहां उनका रात्रि विश्राम होगा।

29 जून की सुबह राज्यपाल का एचपीवी टीकाकरण केंद्र का संक्षिप्त कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसके बाद सुबह 10 बजे से सिद्धार्थ विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। समारोह समाप्त होने पर दोपहर 12:35 बजे हेलिकॉप्टर से लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगी। दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *