लखनऊ: 25 जनवरी 2026
इण्डियन हेल्पलाइन बृज की रसोई ने निराश्रितों को वितरण किया निःशुल्क भोजन एवं मिष्ठान -विपिन शर्मा
गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर बाबा नीम करौली जी की दिव्य कृपा से इण्डियन हेल्पलाइन की बृज की रसोई ने पेश किया सेवा और संवेदना का अनुकरणीय उदाहरण
लखनऊ: राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या के पावन अवसर पर प्रेरणास्रोत बाबा नीम करौली जी की दिव्य कृपा से इण्डियन हेल्पलाइन सोसाइटी (पंजी.) द्वारा संचालित सेवा प्रकल्प बृज की रसोई के अंतर्गत आशियाना क्षेत्र में निःशुल्क भोजन एवं मिष्ठान वितरण कार्यक्रम का सफल एवं गरिमामय आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम संविधान में निहित समानता, बंधुत्व और सामाजिक न्याय के मूल्यों को समर्पित रहा।
संजय श्रीवास्तव ने जानकारी दी कि यह सेवा-संकल्प स्थानीय पार्षद कमलेश सिंह जी के प्रेरणादायी सान्निध्य एवं मार्गदर्शन में साईं मंदिर से प्रारंभ हुआ। कार्यक्रम के दौरान सब्जी, चावल,मीठी बूंदी, फ्रूटी तथा वस्त्रों का वितरण किया गया। सामाजिक सरोकारों के प्रति पार्षद की संवेदनशील सोच और सक्रिय सहयोग से कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्राप्त हुई।
इस अवसर पर संस्था के संस्थापक विपिन शर्मा ने कहा कि गणतंत्र दिवस हमें केवल अपने अधिकारों का स्मरण नहीं कराता, बल्कि समाज के प्रति हमारे कर्तव्यों की भी याद दिलाता है। उन्होंने कहा कि समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सेवा पहुँचाना ही गणतंत्र दिवस के आदर्शों को सच्चे अर्थों में जीवन में उतारना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस सेवा आयोजन का उद्देश्य केवल भूख मिटाना नहीं, बल्कि जरूरतमंदों तक सम्मान, संवेदना और अपनत्व पहुँचाना है। सेवायोगियों के निरंतर सहयोग से बृज की रसोई के माध्यम से मानवता का यह सेवा–कारवां प्रत्येक रविवार लगातार आगे बढ़ रहा है, जो गणतंत्र के प्रति सच्ची और जीवंत श्रद्धांजलि है।
अनुराग दुबे ने बताया कि कार्यक्रम में निराश्रित, असहाय, जरूरतमंद बच्चों, बुजुर्गों एवं श्रमिक वर्ग को स्वच्छता एवं पोषण मानकों के अनुरूप भोजन उपलब्ध कराया गया।
विशाल सक्सेना ने कहा आयोजन का उद्देश्य भूखे को अन्न, प्यासे को पानी के मानवीय संकल्प को व्यवहारिक धरातल पर साकार करना है।
मुकेश कनौजिया ने बताया आज का निःशुल्क भोजन वितरण साईं मंदिर, सेक्टर–जे, आशियाना से प्रारंभ होकर सेक्टर–एम रिक्शा कॉलोनी, रतन खंड पार्क, डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय के पास स्थित झुग्गी–झोपड़ियाँ, निर्माणाधीन भवनों में कार्यरत श्रमिकों के अस्थायी आवास, नगर निगम जोन–8 की मलिन बस्तियाँ तथा रतन खंड पानी टंकी सहित अनेक क्षेत्रों में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर अखिलेश सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम में लगभग 1500 लोगों को संस्था के समर्पित पदाधिकारियों एवं स्वयंसेवकों कमलेश सिंह (पार्षद) संजय श्रीवास्तव, विशाल सक्सेना, मोहित सिंह, अनुराग दुबे, नवल सिंह, दिनेश पाण्डेय, मुकेश कनौजिया, अखिलेश सिंह, शालू सरदार, ध्रुव सक्सेना, गोविन्द सिंह ठाकुर सहित अनेक समाजसेवियों ने सक्रिय सहभागिता निभाते हुए सप्रेम भोजन परोसा गया।

