कपिलवस्तु विधायक श्यामधनी राही ने श्रीराम जानकी मंदिर परिसर में चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान में लिया हिस्सा
विधायक ने स्वच्छ भारत के संकल्प को साकार करने का क्षेत्रवासियों से किया आह्वान
सिद्धार्थनगर। कपिलवस्तु विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत धौरीकुइया स्थित श्रीराम जानकी मंदिर परिसर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “स्वच्छ भारत” संकल्प एवं उत्तर प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री परम पूज्य योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा से आयोजित स्वच्छता अभियान में विधायक श्यामधनी राही ने सहभागिता कर मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई की।
इस अवसर पर विधायक कपिलवस्तु श्यामधनी राही ने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि जन-जागरूकता, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम है। स्वच्छ वातावरण स्वस्थ समाज की आधारशिला है और प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में योगदान दे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वच्छ भारत अभियान ने देशभर में स्वच्छता के प्रति व्यापक जनजागरण का कार्य किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश में भी स्वच्छता एवं जनभागीदारी को निरंतर बढ़ावा दिया जा रहा है।
विधायक कपिलवस्तु श्यामधनी रही ने क्षेत्रवासियों से स्वच्छता को जनआंदोलन बनाकर स्वच्छ, सुंदर एवं विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।इस अवसर पर ग्राम प्रधान रोहूडीला सोमई यादव, ग्राम प्रधान दुर्जनपुर दूधनाथ यादव, पारस, सौरभ, संतोष, घीसन, राजेंद्र चौधरी सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

