जनसेवा सर्वोच्च प्राथमिकता!अपराधियों के लिए प्रदेश कोई जगह नहीं,करें सख्त कार्रवाई : मुख्यमंत्री योगी
मुख्यमंत्री योगी ने जनता दर्शन’ में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए नागरिकों की सुनीं समस्याएं,संबंधित अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान के दिए निर्देश
लखनऊ : मुख्यमंत्री योगी ने सोमवार को ‘जनता दर्शन’ में प्रदेश भर से आए हर फरियादी से मुलाकात कर उनकी शिकायत सुनी और संबंधित अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए। अवैध कब्जे से जुड़े मामले में मुख्यमंत्री ने कहा कि शिकायत मिलने पर ऐसे मामलों की सख्ती से जांचकर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करें। धमकी के मामले में उन्होंने कहा कि अपराधियों के लिए प्रदेश में कोई जगह नहीं है, पुलिस ऐसे लोगों पर सख्त कार्रवाई करें।
मुख्यमंत्री के समक्ष अवैध कब्जे से जुड़े मामले आए। पीड़ितों ने आरोपियों पर धमकी देने का भी आरोप लगाया। मुख्यमंत्री ने फरियादियों के प्रार्थना पत्र लेकर शासन के अधिकारियों को प्रेषित किया। उन्होंने कहा कि अवैध कब्जा करने व धमकी देने वालों के खिलाफ कार्रवाई करें। अपराध व कब्जे से जुड़े मामलों की विवेचना में तेजी कर पीड़ितों को ससमय न्याय और दोषियों को दंड दिलाया जाए। गाजियाबाद, मेरठ व नोएडा से जुड़े एक बिल्डर की शिकायत भी ‘जनता दर्शन’ के माध्यम से मुख्यमंत्री तक पहुंची। पीड़ितों ने बताया कि बिल्डर ने एक ही फ्लैट की कई लोगों की रजिस्ट्री कर दी है। मुख्यमंत्री ने इस प्रकरण को गंभीरता से लिया और कहा कि जांच में बिल्डर के दोषी मिलने पर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई कर पीड़ितों को न्याय दिलाना सुनिश्चित किया जाए।

