खुनुवा चौकी पर ऑपरेशन कवच के तहत एंटी-स्मगलिंग ड्राइव टीम की हुई संयुक्त बैठक
शोहरतगढ़ सिद्धार्थनगर। भारत-नेपाल सीमा के खुनुवां चौकी पर शनिवार को ऑपरेशन कवच के तहत एंटी-स्मगलिंग ड्राइव – टीम की संयुक्त बैठक हुई। इसमें – भारत और नेपाल की सुरक्षा एजेंसियों ने सीमा क्षेत्र में तस्करी, मादक पदार्थों की तस्करी और अन्य अवैध – गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने की रणनीति पर चर्चा की। बैठक में एसएसबी, उत्तर प्रदेश पुलिस, कस्टम विभाग, नेपाल पुलिस और नेपाल एपीएफ के अधिकारियों ने सीमा पर निगरानी बढ़ाने, संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल साझा करने और तस्करी के खिलाफ समन्वित कार्रवाई करने पर जोर दिया।
एसएसबी के असिस्टेन्ट कमाण्डेंट अभिषेक कुमार सिंह ने कहा कि ऑपरेशन कवच के तहत भारत-नेपाल सीमा पर एन्टी-स्मगलिंग ड्राइव को और प्रभावी बनाया जायेगा। तस्करी और मादक पदार्थों के अवैध कारोबार को रोकने के लिए सभी सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय और सूचना का त्वरित आदान-प्रदान जरूरी है।
बैठक में एसएसबी के इंस्पेक्टर सुनील कुमार पाण्डेय, नेपाल पुलिस के एसएसआई मीन बहादुर देउबा, नेपाल एपीएफ के इंस्पेक्टर गोविन्द सिंह थापा, यूपी पुलिस के खुनुवां चौकी प्रभारी एसआई सुरेश यादव और एसएसबी के एसआई नोबिन सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

