Tue. Sep 1st, 2026

नेपाल केवल राजनीतिक मित्र राष्ट्र नहीं हमारी सांस्कृतिक विरासत का हिस्सा मुख्यमंत्री ने सांसदों संग किया नेपालगंज-बहराइच रेल प्रखंड का शुभारंभ

नेपाल केवल राजनीतिक मित्र राष्ट्र नहीं हमारी सांस्कृतिक विरासत का हिस्सा मुख्यमंत्री ने सांसदों संग किया नेपालगंज-बहराइच रेल प्रखंड का शुभारंभ

बहराइच : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को रुपईडीहा में नेपालगंज रोड-बहराइच रेल प्रखंड और चार नई ट्रेनों का शुभारंभ करते हुए कहा कि इस रेल परियोजना से सामाजिक और आर्थिक प्रगति को मजबूती मिलेगी। नेपाल में आई त्रासदी को याद करते हुए दिवंगत लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की। कहा कि सुख-दुख में हम सब एक साथ हैं। नेपाल केवल राजनीतिक मित्र राष्ट्र नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत का हिस्सा है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में आयोजित समारोह में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वर्चुअल माध्यम से भाग लिया।

मुख्यमंत्री ने पूर्व की सरकारों की आलोचना करते हुए कहा कि वे बार्डर को अंतिम छोर मानती थीं, जबकि डबल इंजन की सरकार इसे भारत का प्रवेश द्वार मानकर विकास कर रही है। समाजवादी पार्टी पर हमला कहते हुए कहा कि उनकी सरकार में माफिया पलते थे, जबकि अब हम मेडिकल कालेज बना रहे हैं। बेहतर रेल कनेक्टिविटी न होने के कारण इलाके के लोग दशकों से सपने देखने के लिए लालायित थे। आज नई पीढ़ी उस सपने को साकार होते देख रही है। उन्होंने बहराइच के ऐतिहासिक महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि आजाद भारत में बहराइच सत्ता का संचालन करता था, लेकिन विकास से अछूता था। अब डबल इंजन की सरकार में विकास हो रहा है। महाराजा नेपालगंज रोड रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल लोग और उनको संबोधित करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महाराजा सुहेलदेव का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने एक हजार वर्ष पहले विदेशी आक्रांता सैयद सालार मसूद गाजी को पराजित किया था। पूर्व की सरकारों ने महाराजा सुहेलदेव को स्मृत नहीं किया, जबकि सैयद सालार मसूद के नाम पर मेले आयोजित किए जाते थे। अब महाराजा सुहेलदेव का मेला आयोजित किया जा रहा है।

सीएम योगी ने कहा कि नेपालगंज रोड की रेल लाइन का मीटर गेज में विकास किया गया, लेकिन नेपाल की कनेक्टिविटी नहीं हो पाई थी। मीटरगेज लाइन पूर्व की सरकारों की देन है। बार्डर क्षेत्र उनके लिए अंतिम छोर था, लेकिन हमारे लिए रुपईडीहा भारत का प्रवेश द्वार है। ट्रेन सेवा के बेहतर होने से इलाके की कनेक्टिविटी में सुधार होगा, जो प्रगति का आधार बनेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि रेल सेवा से व्यापार, पर्यटन और कृषि को नया आयाम मिलेगा। कतर्निया ईको टूरिज्म की पहुंच को और आसान किया जाएगा। लोग स्टेशन से अयोध्या, वाराणसी और गोरखपुर की यात्रा कर सकेंगे। इस अवसर पर डुमरियागंज के सांसद जगदंबिका पाल, बहराइच सांसद डा. आनंद कुमार गोंड, डीआरएम लखनऊ गौरव अग्रवाल, मंडलायुक्त दुर्गाशक्ति नागपाल और जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी भी उपस्थित रहे।

अप ट्रेन का समय : नेपालगंज रोड से 14214 ट्रेन सुबह चार बजे वाराणसी के लिए रवाना होगी। ट्रेन संख्या 75110 नेपालगंज रोड से गोंडा के लिए सुबह 8: 20 रवाना होगी। 75112 ट्रेन संख्या गोंडा के लिए नेपालगंज रोड से 3:30 बजे रवाना होगी। वहीं 15131 वाराणसी सिटी ट्रेन शाम 4:30 बजे नेपालगंज रोड से प्रतिदिन रवाना होगी।

डाउन ट्रेन का समय साइड से ट्रेन संख्या 75109 सुबह आठ बजे व 75111 दोपहर तीन बजे गोंडा से नेपालगंज रोड स्टेशन के लिए रवाना होगी। वाराणसी सिटी से सुबह 11:45 बजे ट्रेन संख्या 15132 व ट्रेन संख्या 14213 वाराणसी से नेपालगंज रोड रेलवे स्टेशन के रात 11 बजे रवाना होगी।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *