सीमावर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा के लिए बेहतर कनेक्टिविटी जरूरी : सीएम योगी
नेपालगंज रोड-नानपारा-बहराइच रेलखंड के ब्रॉडगेज व विद्युतीकरण कार्य का सीएम योगी ने किया लोकार्पण
बहराइच। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को नेपालगंज रोड (रुपईडीहा) नानपारा बहराइच रेलखंड के ब्रॉडगेज (बड़ी लाइन) और विद्युतीकरण कार्य का लोकार्पण किया। इस मौके पर उन्होंने कहा, सीमावर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा के लिए बेहतर कनेक्टिविटी जरूरी है। भारत-नेपाल सीमा पर स्थित रुपईडीहा महत्वपूर्ण प्रवेश द्वार है। मजबूत रेल संपर्क से क्षेत्र विकास की मुख्यधारा से जुड़ेगा।लोकार्पण कार्यक्रम में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव वर्चुअल रूप से शामिल हुए। दोनों ने नेपालगंज रोड से वाराणसी सिटी के लिए विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही 137 वर्ष पुराने भारत नेपाल रेल संबंधों को नई दिशा मिली है। अब नेपालगंज रोड का सीधा संपर्क काशी से होने पर नेपाल के श्रद्धालुओं के लिए वाराणसी,अयोध्या और गोरखपुर जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों तक पहुंच आसान होगी। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकारों ने बहराइच को लंबे समय तक पिछड़ा बनाए रखा। 56 किलोमीटर लंबे इस रेलखंड का निर्माण करीब 730 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है।

