मुख्यमंत्री योगी ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व पीएम लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर अर्पित की श्रद्धांजलि
स्वावलंबन मंत्र आज विकसित भारत की आधारशिला: गांधी जयंती पर सीएम योगी ने स्वदेशी, स्वावलंबन और ग्राम स्वराज का महत्व बताया
लखनऊ से News 17 india ब्यूरो कोऑर्डिनेटर राजकुमार मिश्र की रिपोर्ट..
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि महात्मा गांधी का स्वदेशी और स्वावलंबन का मंत्र आज विकसित भारत की आधारशिला बन सकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘लोकल टू ग्लोबल’ के संकल्प में भी इसी विचार की झलक दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि गांधीजी के नेतृत्व में देश का बिखरा हुआ स्वतंत्रता आंदोलन जनांदोलन बना और आत्मनिर्भरता को राष्ट्र निर्माण का माध्यम बनाया गया।
मुख्यमंत्री योगी ने शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने गांधीजी और शास्त्रीजी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि लाल बहादुर शास्त्री अपनी सादगी, सज्जनता, संवेदनशीलता और संघर्षशील व्यक्तित्व के लिए सदैव स्मरण किए जाएंगे। उन्होंने खाद्यान्न के क्षेत्र में भारत को आत्मनिर्भर बनाने और सेना के प्रति सम्मान का भाव जगाने का प्रयास किया। उनका ‘जय जवान जय किसान’ का नारा स्वाधीन भारत का मंत्र बना। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, मंत्री राकेश सचान, सांसद ब्रजलाल, महापौर सुषमा खर्कवाल, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव आदि मौजूद रहे।
सीएम योगी ने कहा कि वर्तमान सरकार ने ग्राम पंचायतों को सुविधाओं और सेवाओं से जोड़ा है। प्रदेश के 57,600 ग्राम सचिवालयों के माध्यम से ई-ग्राम स्वराज, डिजिटल भुगतान और ऑनलाइन मॉनिटरिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। ग्राम सचिवालयों से प्रत्येक गांव में पांच से सात रोजगार के अवसर भी सृजित हुए हैं। 11.350 ग्राम पंचायतों में डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित की जा रही हैं।
मुख्यमंत्री योगी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि सशक्त पंचायत और समृद्ध गांव ही ग्राम स्वराज की आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले गांवों में पारदर्शिता और जवाबदेही का अभाव था तथा ग्रामीणों को प्रमाण-पत्र जैसी सामान्य सुविधाओं के लिए तहसील, थाना और जिला मुख्यालय के चक्कर लगाने पड़ते थे।

