मुख्यमंत्री योगी से मिले डुमरियागंज के पूर्व विधायक,क्षेत्र से जुड़े विकास कार्यों पर हुई चर्चा
सिद्धार्थनगर। हिन्दू युवा वाहिनी के प्रदेश प्रभारी एवं डुमरियागंज के पूर्व विधायक राघवेन्द्र प्रताप सिंह ने गत दिवस लखनऊ स्थित 5, कालिदास मार्ग पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर महंत योगी आदित्यनाथ से भेंट मुलाकात की। इस दौरान पूर्व विधायक ने जनपद सिद्धार्थनगर और डुमरियागंज विधानसभा क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर मुख्यमंत्री से विस्तृत चर्चा की। उन्होंने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की स्थिति, जनहित से जुड़े प्रमुख मुद्दों तथा क्षेत्र की आवश्यकताओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया।
हिन्दू युवा वाहिनी के प्रदेश प्रभारी पूर्व विधायक राघवेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि हिन्दुत्व एवं सनातन संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के लिए किए जा रहे प्रयासों तथा आगामी योजनाओं के संबंध में भी मुख्यमंत्री से चर्चा की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन और नेतृत्व में सिद्धार्थनगर एवं डुमरियागंज के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेगा,जनहित और क्षेत्र के विकास से जुड़े विषयों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।

