श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर हमला करके कृष्ण की स्मृति को मिटा नहीं सके आक्रमणकारी: सीएम योगी
सीएम योगी बोले, सुप्रीम कोर्ट से रास्ता साफ होते ही बांके बिहारी गलियारा और रोपवे बनेंगे
सीएम योगी ने 1051 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण कर गलियारा का संकल्प भी दोहराया
बिना नाम लिए सीएम योगी ने विपक्ष पर साधा निशाना, कहा कि 2017 से पहले सीएम आवास बुलाकर सम्मानित होते थे दंगाई
सीएम योगी आदित्यनाथ अयोध्या और काशी को लेकर आक्रामक मुद्रा में थे। उन्होंने कहा कि हमको भारतीय इतिहास से सीख लेनी चाहिए। यह संस्कृति और इसकी सुरक्षा के लिए संघर्षों से भरा पड़ा है। मथुरा, तो इसका सबसे बड़ा उदाहरण है। उन्होंने कहा कि हमारे नायक श्रीकृष्ण के जन्मस्थान पर लगातार आक्रमण किए गए,परंतु आक्रमणकारी श्रीकृष्ण की स्मृति को मिटा नहीं पाए। यही सनातन है,उन्होंने कहा कि काशी विश्वनाथ मंदिर को औरंगजेब ने तोड़ दिया तो, लोकमाता अहिल्याबाई ने उसके निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बाबर ने अयोध्या में राम मंदिर तोड़कर गुलामी का ढांचा खड़ा किया। परंतु इससे अयोध्या में रामनवमी नहीं रुक गई। योगी ने ठाकुर बांके बिहारी मंदिर गलियारा पर स्थिति साफ कर दी!कहा कि सर्वोच्च न्यायालय का संरक्षण मिला तो बांके बिहारी गलियारा, रोपवे और पार्किंग का काम जल्द शुरू होगा।
सीएम योगी आदित्यानाथ गुरुवार दोपहर एक बजे हेलीकाप्टर से मथुरा पहुंचे। वृंदावन में एक हजार सीटों की क्षमता वाले स्वामी हरिदास प्रेक्षागृह का लोकार्पण किया। साथ ही, 1051 करोड़ की विकास योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इस दौरान खचाखच भरे प्रेक्षागृह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री बोले, जब हम विरासत की बात करते हैं तो इतिहास की ओर देखना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि हम लोग विकास को सड़क, बिजली, भवन, उद्योग के चश्मे से ही देखते हैं, जबकि यह इससे बहुत आगे तक है। यह विरासत से भी जुड़ा है। पहले, विकास के नाम पर विरासत का अपमान होता था। हमलावरों की ओर से भारतीय स्मृतियों को मिटाने की कोशिशें हुईं। वृंदावन में कान्हा भक्ति स्तंभ मार्ग के अवलोकन के दौरान अद्भुत छटा देख सीएम योगी भी खुद को नहीं रोक पाए। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ सेल्फी ली।
सीएम योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर आराध्य के दर्शन करेंगे। वह सुबह 9.55 बजे जन्मस्थान पहुंचेंगे। सीएम के रूप में वह 20वीं बार जन्मस्थान पहुंचेंगे। जन्माष्टमी पर वह प्रतिवर्ष आते ही हैं।
सीएम योगी ने सपा पर निशाना साधते हुए जून 2016 में हुई जवाहरबाग की हिंसा की याद दिलाई। बोले, जहां ऐसा उपद्रव हो, वहां उत्सव की बात कौन कर सकता है। साढ़े नौ वर्ष से प्रदेश दंगा कर्फ्यू मुक्त है, तो यहां उत्सव हो रहा है। बीते वर्ष 156 करोड़ पर्यटक पूरे प्रदेश में आए, यह बदलाव का परिणाम है। इससे पहले की सरकारों में बरेली, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, मेरठ और लखनऊ में दंगे हुए। पूर्व की सरकारें दंगाइयों के आगे नतमस्तक होकर आगे नाक रगड़ती थीं। सीएम आवास पर बुलाकर दंगाई सम्मानित किए जाते थे। मुख्यमंत्री संतों के सम्मान के साथ अन्नप्रासन संस्कार भी किया।
सीएम योगी ने कहा कि डीजे भी बज रहा, कांवड़ यात्रा भी निकल रही है: लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम के बाद सीएम योगी वृंदावन के होटल विवांता में आयोजित निजी टीवी चैनल के कार्यक्रम में शामिल हुए। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले की सरकार ने कांवड़ यात्रा में डीजे पर प्रतिबंध लगा दिया था। अब डीजे भी बज रहा है और कांवड यात्रा भी जोर-शोर से निकल रही हैं। जो उपद्रवी थे, उनका घर पर ही इलाज कर दिया गया है। अब प्रदेश में कही कोई उपद्रवी नजर नहीं आते, क्योंकि सबका इलाज किया जा चुका है।

