शॉर्ट सर्किट से फूस की झोपड़ी में लगी आग,भैंस की जल कर मौत
डुमरियागंज, सिद्धार्थनगर। त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत असनहरा माफी गांव में गुरुवार देर रात बिजली के शॉर्ट सर्किट से फूस की झोपड़ी में भीषण आग लग गई। हादसे में करीब 60 हजार रुपये कीमत की भैंस जिंदा जल कर मर गई, जबकि घरेलू सामान आग की भेंट चढ़ गया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। उक्त गांव निवासी नेबूलाल के मुताबिक, वह रात करीब एक बजे खाना खाने के बाद झोपड़ी में सो रहे थे। इसी दौरान उन्हें झोपड़ी से धुआं निकलने का आभास हुआ। जाग कर देखा तो आग की लपटें उठ रही थीं। उन्होंने शोर मचाते हुए घरेलू सामान बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन देखते ही देखते आग ने पूरी झोपड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग की चपेट में आने से झोपड़ी में बंधी भैंस की मौत हो गई तथा घरेलू सामान जलकर राख हो गया।
सूचना मिलने पर पहुंचे हल्का लेखपाल कपिल ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने रिपोर्ट तहसीलदार को भेजने की बात कही। वहीं भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष गौरव मिश्र ने भी मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान की। थाना प्रभारी त्रिलोकपुर हरे कृष्ण उपाध्याय ने बताया कि आग लगने की सूचना पर पुलिस ने मौके की जानकारी ली। प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। मामले में आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है।सोर्स विज्ञप्ति।

