मीडिया पर बढ़ते दबाव के बीच एकजुटता का शंखनाद, सिद्धार्थनगर में गूंजी पत्रकारों की आवाज
मुख्य अतिथि बोले – कलम गिरवी रखकर पत्रकारिता नहीं होगी, हर पत्रकार के साथ प्रहरी की तरह खड़ा है प्रेस क्लब
प्रेस क्लब संस्थापक ने बताया कि बांसी तहसील में अक्टूबर में होगा मीडिया महाकुंभ-2026 का आयोजन
सिद्धार्थनगर। पत्रकार एकता फोरम के बैनर तले रविवार, 4 अक्टूबर को विकास भवन सभागार में “मीडिया की समकालीन चुनौतियां” विषय पर जिला स्तरीय विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। दोपहर 12 बजे शुरू हुई गोष्ठी में जिले भर से आए पत्रकारों ने फेक न्यूज, पत्रकार उत्पीड़न, कॉपी-पेस्ट पत्रकारिता और संगठन के विस्तार जैसे ज्वलंत मुद्दों पर गहन मंथन किया।
कार्यक्रम के आयोजक वरिष्ठ पत्रकार मनोज कुमार रहे। अध्यक्षता पत्रकार एकता फोरम के संस्थापक डॉ. तेजस यादव ने की। मुख्य अतिथि के रूप में प्रेस क्लब इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष, दूरदर्शन टीवी एवं राष्ट्रीय प्रकाश टाइम्स के संपादक अविनाश कुमार शुक्ला उपस्थित रहे। कार्यक्रम का कुशल संचालन वरिष्ठ पत्रकार रविन्द्र कुमार कश्यप ने किया।
गोष्ठी का शुभारंभ मुख्य अतिथि अविनाश कुमार शुक्ला, डॉ. तेजस यादव, शैलेश कुमार राव, भारत कन्नौजिया, राजकुमार वर्मा, उमेश प्रताप सिंह, जवाहरलाल जायसवाल, संतोष गोंड, डीएन शुक्ला, डॉ. जावेद कमाल और रविन्द्र कश्यप द्वारा मां शारदे के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके बाद पत्रकार साथियों ने बारी-बारी से पुष्प अर्पित किया।
मुख्य अतिथि अविनाश कुमार शुक्ला ने कहा कि आज पत्रकारिता अपने सबसे कठिन दौर से गुजर रही है। फेक न्यूज, प्रशासनिक दबाव और पत्रकारों पर बढ़ते उत्पीड़न के बीच पत्रकारों की एकजुटता ही सबसे बड़ा सुरक्षा कवच है। उन्होंने दो टूक कहा कि संगठन हर पत्रकार के मान-सम्मान और अधिकार के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगा। कोई भी पत्रकार खुद को अकेला न समझे। उन्होंने कहा कि पत्रकार केवल कलम से नहीं लिखता, बल्कि माइक आईडी के साथ सवाल भी पूछता है। सवाल का जवाब मिले या न मिले, सवाल पूछना हमारा धर्म है। खबरों में तरलता नहीं, तथ्यपरकता होनी चाहिए। जो सच्चाई छुपाई गई है, उसे समाज के सामने लाना ही पत्रकार की असली ताकत है। कलम को गिरवी रखकर पत्रकारिता नहीं की जा सकती। प्रेस क्लब अपने प्रत्येक सदस्य के साथ एक सैनिक की तरह खड़ा रहेगा, जरूरत पड़ी तो खून देकर भी पत्रकार की सुरक्षा की जाएगी।उन्होंने जानकारी दी कि माह अक्टूबर में तहसील बांसी में मीडिया महाकुंभ-2026, मीडिया कार्यशाला, प्रेस क्लब सम्मेलन एवं पत्रकार सम्मान समारोह का भव्य आयोजन प्रस्तावित है।
राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी एवं प्रदेश प्रभारी विजय कुमार मिश्र ने भी अपने विचार लोगों के बीच साझा करते हुए कहा कि आज के “एआई” जैसे हाईटेक युग में पत्रकारिता करना बहुत कठिन कार्य है। इसलिए बिना डरे निर्भीकता पूर्वक उस जनता की आवाज बने और अपने कलम से तीसरी आंख बनकर उनको न्याय दिलाने का कार्य करें। यही सच्ची पत्रकारिता का मूल उद्देश्य है।
डॉ. तेजस यादव ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ और समाज की तीसरी आंख है। किसी भी खबर को प्रकाशित करने से पहले उसके तथ्यों की जांच बेहद जरूरी है। आज बिना योग्यता परखे किसी को भी पत्रकार बना देने की प्रवृत्ति खतरनाक है। संपादक को उसकी शिक्षा-दीक्षा की जानकारी होनी चाहिए। फोरम द्वारा जर्नलिज्म में रुचि रखने वालों के लिए एक वर्षीय प्रशिक्षण योजना चलाई जा रही है। उन्होंने पत्रकारों के लिए मेडिकल सुविधा और संगठन की एकजुटता पर विशेष जोर दिया।
डॉ. जावेद कमाल, वरिष्ठ पत्रकार एवं जिलाध्यक्ष श्रमजीवी पत्रकार एसोसिएशन ने कॉपी-पेस्ट पत्रकारिता से बचने और खोजी पत्रकारिता को बढ़ावा देने की अपील की। कहा कि पत्रकार सजग प्रहरी है और अपनी कविताओं के माध्यम से पत्रकारों में नया जोश भरा।
मनोज कुमार, आयोजक एवं संपादक अपराध का अंत ने कहा कि विशेषकर विवादित मामलों में खबर करने से पहले पूरी सतर्कता और तथ्यों की गहन जांच जरूरी है, जल्दबाजी से पत्रकारिता की विश्वसनीयता घटती है।
उमेश प्रताप सिंह, प्रदेश महामंत्री ऑल इंडिया पत्रकार एकता संघ ने कहा कि संगठन का मूल उद्देश्य पत्रकारों की सुरक्षा और उनके प्रति सकारात्मक सोच बनाना है। खबर के साथ-साथ साक्ष्य पर भी ध्यान देना आवश्यक है।
जवाहरलाल जायसवाल, वरिष्ठ पत्रकार ने कहा कि प्रेस क्लब का योगदान मील का पत्थर है। 20 वर्षों से सदस्य के रूप में मैं देख रहा हूं कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अविनाश शुक्ला सजग प्रहरी की तरह पत्रकार हितों के लिए काम कर रहे हैं। एकता में ही शक्ति है।
शैलेश कुमार राव, संपादक सशक्त भारत न्यूज18 ने कहा कि पत्रकार और पत्रकारिता दोनों ही कठिन दायित्व हैं। पत्रकार को भेदभाव से ऊपर उठकर निर्भीक, निष्पक्ष और तथ्यपरक पत्रकारिता करनी होगी। कलम और कैमरा लोकतंत्र को मजबूत करने का कार्य करते हैं। युवा पत्रकारों को तथ्यों पर विशेष ध्यान देना चाहिए।
भारत कन्नौजिया, जिलाध्यक्ष प्रेस क्लब सिद्धार्थनगर ने सभी अतिथियों का फूल-माला से स्वागत किया और कहा कि पत्रकार एकजुट रहें, संगठन हर परिस्थिति में कंधे से कंधा मिलाकर साथ है। जल्द ही संगठन का विस्तार तहसील से ब्लॉक स्तर तक किया जाएगा। जिला इकाई से लेकर मंडल, प्रदेश और राष्ट्रीय कमेटी तक पूरा सहयोग है। हमें अपने बड़ों से सीख लेकर निष्पक्ष पत्रकारिता करनी है। अंत में उन्होंने सभी का आभार व्यक्त किया।
वरिष्ठ पत्रकार रविन्द्र कुमार कश्यप ने कहा कि चुनौतीपूर्ण दौर में भी पत्रकार अच्छाई को सामने लाने का प्रयास करता है, इसलिए समाज उसे तीसरी आंख कहता है और उस पर भरोसा करता है।
इस अवसर पर मनोज पासवान, संतोष गोंड, जिला प्रवक्ता नंदनी मौर्या, डीएन शुक्ला, दीपू पासवान, सुशील खेतान, सरिता पांडेय, पूजा, राजकुमार वर्मा, श्याम नारायण सिंह, अहमद हुसैन, जय प्रकाश, पंकज श्रीवास्तव, मोहम्मद मुस्लिम सहित बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।

